Meta Pixel

जनदर्शन में प्राप्त हुए 100 आवेदन

Spread the love

दुर्ग, 13 मई 2026/ जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर श्री उत्तम ध्रुव भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 100 आवेदन प्राप्त हुए।
इसी कड़ी में ग्राम कोड़िया के ग्रामवासियों ने वार्ड क्रमांक 2 में सड़क, नाली एवं बिजली पोल जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग की। ग्रामवासियों ने बताया कि वार्ड में लगभग 20 से 50 परिवार निवासरत हैं। नाली व्यवस्था नहीं होने से गंदा एवं बारिश का पानी घरों के आसपास जमा हो रहा है, जिससे गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। गली में सड़क निर्माण के बाद पानी निकासी बाधित हो गई है। वहीं सरपंच द्वारा गली में गड्डा खोद दिए जाने से जलभराव की स्थिति और गंभीर हो गई है। बरसात में लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसकी शिकायत कई बार ग्राम पंचायत एवं सरपंच से की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। इस पर कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद दुर्ग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
ग्राम अटारी तहसील पाटन के किसानों ने डंगनिया नाला पर उच्च स्तरीय पुलमय पहुंच मार्ग निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा अब तक नहीं मिलने की शिकायत की। किसानों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग सेतु द्वारा भूमि अधिग्रहण कर पुल निर्माण कार्य कराया गया, लेकिन 5 माह बीत जाने के बाद भी मुआवजा राशि प्रदान नहीं किया गया है। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और मुआवजा नहीं मिलने से आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने जल्द मुआवजा राशि दिलाने की मांग की । इस पर कलेक्टर ने ईई लोक निर्माण विभाग सेतु को तत्काल कार्यवाही करने को कहा।
ग्राम पंचायत अरसनारा के ग्रामीणों ने बिना अनुमति अवैध मुरूम खनन की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि गौटनिन तालाब में पिछले एक माह से जेसीबी और ट्रकों के माध्यम से बड़े पैमाने पर खनन किया जा रहा है, जिससे राजस्व नुकसान और सड़क क्षति हो रही है। तालाब में पानी नहीं होने से जल संकट बढ़ गया है तथा पशुओं और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने खनिज विभाग को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम खम्हरिया निवासी कृषक ने भुईंया ऑनलाइन पोर्टल में नाम सुधार कराने आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 में राजस्व रिकॉर्ड में नामांतरण होने के बावजूद पोर्टल पर अब भी उनके दिवंगत पिता का नाम दर्ज है। इससे धान बिक्री पंजीयन, किसान क्रेडिट कार्ड और एग्रीस्टेक पंजीयन में परेशानी हो रही है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार दुर्ग को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।    

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *