Meta Pixel

गोवंश हत्या मामले में बुलडोजर एक्शन : 11 आरोपी गिरफ्तार, महापौर मधुसूदन बोले- किसी को नहीं छोड़ेंगे

Spread the love

राजनांदगांव – गोवंश हत्या के मामले में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के बीच रविवार को नगर निगम की टीम ने गौरी नगर क्षेत्र में कुछ दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में गहमागहमी का माहौल रहा। तनाव की स्थिति को देखते हुए महापौर मधुसूदन यादव भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश देकर स्थिति संभालने का प्रयास किया। मामले में अब तक पुलिस 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

आरोपितों के चिकन-मटन सेंटर पर निगम की कार्रवाई
गोवंश हत्या के मामले में आरोपित बनाए गए कुछ लोगों की गौरी नगर क्षेत्र में चिकन-मटन सेंटर संचालित होने की जानकारी सामने आई थी। इन दुकानों के संचालन के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी। इसके बाद नगर निगम की टीम ने संबंधित दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया और उन्हें ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए महापौर मधुसूदन यादव मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।

महापौर बोले- मामले में संलिप्त किसी को नहीं मिलेगी छूट
महापौर मधुसूदन यादव ने स्पष्ट कहा कि गोवंश हत्या के मामले में जो भी आरोपित संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

महापौर ने यह भी कहा कि क्षेत्र में बिना अनुमति के चिकन-मटन सेंटर संचालित करने वालों को कानूनी नोटिस जारी किए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब तक 11 आरोपित गिरफ्तार, अन्य की भूमिका की जांच
गोवंश हत्या के मामले में पुलिस अब तक 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका और संलिप्तता की जांच जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *