Meta Pixel

डोंगरगढ़ में नवरात्रि की तैयारियां तेज, मां बमलेश्वरी मंदिर में व्यवस्थाओं को लेकर मंथन

Spread the love

डोंगरगढ़। धर्मनगरी डोंगरगढ़ में मां बमलेश्वरी के आगामी नवरात्र पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नवरात्रि के दौरान देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अभी से तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है।

मां बमलेश्वरी मंदिर परिसर में प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्ग संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव, पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी तथा शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

दर्शन व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर जोर

बैठक में नवरात्रि के दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को बेहतर करने, पदयात्रियों के रास्ते में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके साथ ही पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। प्रशासन का उद्देश्य है कि नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए आने-जाने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी रहेगी कड़ी नजर

नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी विशेष रणनीति तैयार की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने, यातायात को सुचारू बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के उपायों पर अधिकारियों ने चर्चा की।

पुलिस की ओर से भीड़ के बीच चोरी, जेबकतरी, छेड़छाड़, नशाखोरी अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने की बात कही गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पदयात्रियों के लिए भी किए जाएंगे विशेष इंतजाम

नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर मां बमलेश्वरी के दरबार तक पहुंचते हैं। ऐसे में पदयात्रा मार्ग पर सुरक्षा, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।

प्रशासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया है, ताकि नवरात्रि पर्व के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके।

नवरात्रि से पहले प्रशासन ने कसी कमर

नवरात्रि पर्व को लेकर हुई समीक्षा बैठक के बाद प्रशासन ने सुविधा और सुरक्षा दोनों मोर्चों पर तैयारियों को आगे बढ़ाने की दिशा तय कर दी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के डोंगरगढ़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन का फोकस भीड़ प्रबंधन, सुगम दर्शन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *