Meta Pixel

रेल मिल में महिला ठेका श्रमिकों हेतु “नई चेतना” जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Spread the love

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के रेल मिल विभाग द्वारा महिला संविदा कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, कल्याण तथा कार्यस्थल पर उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 11 सितम्बर 2026 को रेल मिल सभागार में ‘‘नई चेतना’’ जागरूकता कार्यशाला का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक (आरएसएम एवं आरटीएनआर) श्री टी दस्तीदार के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, वैधानिक प्रावधानों तथा औद्योगिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यस्थल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था।   

मुख्य महाप्रबंधक (आरएसएम एवं आरटीएनआर) श्री टी. दस्तीदार ने ‘नई चेतना’ कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महिला ठेका श्रमिकों के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की उपयोगिता को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में महिला श्रमिकों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, न्यूनतम वेतन, बोनस, पीएफ, ईएसआईसी तथा भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा श्रमिकों के बच्चों के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

एएलडब्ल्यूपी श्री राजेश मौर्य ने महिला ठेका श्रमिकों को वेतन एवं ईपीएस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए इनसे जुड़े विषयों पर आवश्यक जानकारी साझा की। वहीं वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री अनुराधा साहा ने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित प्रावधानों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विषयों से संबंधित जानकारी प्रदान करने के लिए विभागीय सुरक्षा अधिकारी श्री सुनील शुक्ला, एसीएमओ (एमएंडएचएस/ओएचएस) सुश्री शुभश्री प्रशांत, एएलडब्ल्यूपी श्री राजेश मौर्य एवं वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री अनुराधा साहा ने फैकल्टी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

‘नई चेतना’ जैसी जागरूकता कार्यशालाएं महिला ठेका श्रमिकों को स्वास्थ्य, सुरक्षा, कार्यस्थल पर सम्मानपूर्वक काम, सामाजिक सुरक्षा एवं श्रम कल्याण संबंधी अधिकारों के प्रति सजग बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम सुरक्षित, समावेशी एवं जागरूक कार्यस्थल की संस्कृति को और सुदृढ़ करने में सहायक हैं। कार्यक्रम में महिला ठेका श्रमिकों को कार्यस्थल से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, उनके अधिकारों तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी संबंधित अधिकारियों एवं फैकल्टी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *