महासमुंद। शराब तस्करी के खिलाफ सरायपाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है, जो नकली होलोग्राम के जरिए अवैध शराब की तस्करी को अंजाम दे रहा था। पुलिस की कार्रवाई में 370 पेटियों में भरी करीब 3,229 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 22 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई है। इसके साथ ही एक कंटेनर ट्रक, डस्टर और क्रेटा कार भी पुलिस ने जब्त की है।
गुरुग्राम से नकली होलोग्राम की सप्लाई
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें गुरुग्राम (हरियाणा) से नकली होलोग्राम की सप्लाई करने वाला धीरज आहूजा भी शामिल है, जिसे पुलिस ने इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया है।
होटल और ढाबा संचालकों से भी पूछताछ
मामले की जांच में स्थानीय स्तर पर शराब की खपत और सप्लाई से जुड़े लोगों की भूमिका भी सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस ने कुछ स्थानीय होटल और ढाबा संचालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि, अवैध शराब की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस ने मामले में आबकारी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।