Meta Pixel

सुकमा में बाढ़ का तांडव: कई वार्डों में घुसा पानी, बैंक और सीआरपीएफ परिसर डूबे 

Spread the love

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। शबरी नदी सहित क्षेत्र की नदी-नालियों का जलस्तर बढ़ने से जिले के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। शहर के कई वार्डों में बाढ़ का पानी घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंच गया है, वहीं जिले के प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों और अंतर्राज्यीय मार्गों पर स्थित पुल-पुलियों के ऊपर पानी बहने के कारण आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है
सुकमा पुलिस ने 26 सितंबर की सुबह 10 बजे सार्वजनिक यातायात एडवाइजरी जारी करते हुए नागरिकों से जलमग्न पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है। प्रशासन और पुलिस द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यकता के अनुसार, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है।

शहर के कई वार्डों में घुसा बाढ़ का पानी
लगातार बारिश के कारण सुकमा नगर के वार्ड क्रमांक 2, 3, 11, 12, 13, 14 और 15 में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। इन इलाकों में सैकड़ों लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। कई घरों और आसपास के क्षेत्रों में पानी भरने के बाद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन द्वारा कई स्थानों पर राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां जरूरत के अनुसार लोगों को शिफ्ट किया जा रहा है। बाढ़ के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। जलस्तर लगातार बढ़ने की स्थिति में प्रशासन द्वारा और अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में दो फीट पानी
बाढ़ का असर शहर की बैंकिंग व्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। बैंक ऑफ बड़ौदा, सुकमा शाखा के अंदर करीब दो फीट पानी भरने की स्थिति सामने आई है। इससे बैंक परिसर में रखे सामान और दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद कांता राठी ने इससे पहले भी बैंक प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर जलभराव की आशंका को देखते हुए बैंक को नहीं खोलने तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक कदम उठाने की मांग की थी। लगातार बारिश के बीच बैंक परिसर में पानी भरने से स्थिति की गंभीरता स्पष्ट हो गई है।

सीआरपीएफ परिसर भी जलमग्न
शहर के शबरी नगर स्थित सीआरपीएफ सेकेंड बटालियन परिसर में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। परिसर में करीब 3 से 4 फीट तक पानी भरने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों और जवानों के आवासीय क्षेत्रों तक पानी पहुंचने से वहां भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुरक्षा बलों के आवासीय परिसर में जलभराव के चलते जवानों और उनके परिवारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश जारी रहने के कारण जलस्तर पर नजर रखी जा रही है।

 एनएच -30 सहित कई प्रमुख मार्ग बंद
बाढ़ के कारण जिले की सड़क कनेक्टिविटी भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। सुकमा पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, सुकमा-मलकानगिरी मार्ग पर झापरा पुल के ऊपर पानी बहने से आवागमन बंद है। वहीं सुकमा-जगदलपुर एनएच -30 पर गीदमनाला पुल तथा सीआरपीएफ डीआईजी कार्यालय के समीप सड़क पर जलभराव के कारण मार्ग अवरुद्ध है।

पुलिस ने की अपील
इसी तरह सुकमा-दोरनापाल मार्ग पर दुब्बाटोटा और बोदीगुड़ा पुल के ऊपर तेज बहाव के कारण यातायात बाधित है। दोरनापाल-एर्राबोर-कोंटा एनएच -30 मार्ग पर इंजरम और चीखलगुड़ा पुलिया के ऊपर बाढ़ का पानी होने से आवागमन बंद है। इसके अलावा कोंटा-मोटू मार्ग, पूसपाल-ओडिशा मार्ग, पूसपाल क्षेत्र के कोकराल पुल और छिंदगढ़-गंजेनार मार्ग पर भी पानी के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है। सुकमा पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि, जलमग्न पुल-पुलियों को पैदल या किसी भी वाहन से पार करने का प्रयास न करें। स्थिति सामान्य होने और जलस्तर कम होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

किसी भी आपात स्थिति के लिए तुरंत डायल करें 112
किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112, नजदीकी पुलिस थाना अथवा जिला पुलिस कंट्रोल रूम 9479191300 पर संपर्क कर सकते हैं। लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन की चुनौती अब प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ जिले की सड़क एवं आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने की है। आने वाले घंटों में बारिश और नदी-नालों के जलस्तर की स्थिति पर सबकी नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *