कुरूद। लगातार बारिश से कुरूद क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर होने के बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। नारी गांव में बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए तहसीलदार सूरज बंछोर के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची। रायपुर से एसडीआरएफ की टीम बुलाकर राजस्व अमले के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अभियान में 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर संभाली कमान
नायब तहसीलदार रामकुमार सिन्हा सहित राजस्व अमला भी मौके पर मौजूद रहा। बाद में एसडीएम नभसिंह कोसले ने नारी पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। उन्होंने बचाव दल से रेस्क्यू की जानकारी लेते हुए प्रभावित लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इधर ग्राम सलोनी में भी बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। राजस्व एवं पटवारी अमले ने राहत व्यवस्था संभालते हुए प्रभावितों के लिए भोजन की व्यवस्था की।
कई मार्गों पर आवागमन बाधित
लगातार बारिश से कन्हारपुरी-भखारा मार्ग बंद हो गया है। भूसरेंगा के पास नाला सड़क के ऊपर से बह रहा है। वहीं सेनचुवा-सेमरा और डंडेसरा-डाही मार्ग पर भी पानी आने से आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है।
खेतों में जलभराव से फसल पर संकट
बारिश के कारण कई खेतों में पानी भर गया है, जिससे किसानों को फसल नुकसान की चिंता है। महानदी और पैरी सहित नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर रख रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में राजस्व अमला तैनात है तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत-बचाव दल भेजने की व्यवस्था की गई है।