Meta Pixel

ग्वालियर में बेकाबू ट्रक का कहर: शीतला माता मंदिर जा रहे 41 श्रद्धालुओं को कुचला, 15 की मौत, 26 घायल; 8 पुलिसकर्मी-अफसर सस्पेंड

Spread the love

ग्वालियर में शनिवार देर रात शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं के साथ भीषण हादसा हो गया। चीनौर रोड पर ढलान से उतरते समय धान से भरा तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू हो गया। ट्रक ने सड़क किनारे दर्शन के लिए लाइन में लगे 41 श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मियों समेत 26 लोग घायल हो गए।

हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। ट्रक पुलिस चेकपोस्ट तोड़ते हुए मंदिर के गेट और बाहरी दीवार से टकरा गया। टक्कर से दीवार ढह गई और कई लोग मलबे में दब गए। घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर गूगल मैप की मदद से ट्रक चला रहा था। उसने ब्रेक फेल होने की बात कही है। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद सरकार ने सिटी एसपी को हटा दिया और चार टीआई समेत आठ अफसरों व पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।

पहाड़ी ढलान पर बेकाबू हुआ ट्रक
हादसा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे हुआ। चीनौर की ओर से शीतला माता मंदिर आ रहा धान से भरा ट्रक तीखी ढलान पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रक पुलिस बैरिकेड तोड़ते हुए श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा और मंदिर के प्रवेश द्वार व बाहरी दीवार से टकरा गया। टक्कर के बाद दीवार का हिस्सा ढह गया और कुछ लोग मलबे में दब गए।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।

हादसे में जान गंवाने वाले 15 श्रद्धालुओं की सूची

क्र. सं.मृतक का नामआयुनिवासी
1गौरव परिहार18 वर्षबड़ागांव, खुरेरी
2पवन राठौर23 वर्षगदाईपुरा, हजीरा
3प्रिंस जाटव16 वर्षठाठीपुर, चौहान प्याऊ, गल्ला कोठार
4देवेश बघेल17 वर्षमावटा, भितरवार
5हेमंत राठौरउपलब्ध नहींशिवनगर, गदाईपुरा
6सतेन्द्र सिंह22 वर्षमहलगांव
7सरला तोमर50 वर्षहनुमान पहाड़ी, गुढ़ा गुढ़ी का नाका
8महेश शर्मा45 वर्षसहसराम, गसवानी, जिला श्योपुर
9विमलेश बघेल18 वर्षमहागावरा, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी
10शौर्य शर्मा15 वर्षसहसराम, श्योपुर
11दिव्यांश कुशवाहा17 वर्षमहेशपुरा, सिकंदर कम्पू
12लव त्यागी15 वर्षमुरैना, हाल निवासी गदाईपुरा
13अमन त्यागी13 वर्षमुरैना, हाल निवासी गदाईपुरा
14अशोक त्यागी45 वर्षसदर
15नीतेश उर्फ रितेश18 वर्षमेला ग्राउंड, दुल्लापुर

भारी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
नवरात्रि के दौरान शीतला माता मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर की ओर जाने वाले पहाड़ी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेड और पुलिस चेक-पॉइंट लगाए गए थे। इसके बावजूद ट्रक प्रतिबंधित मार्ग पर कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। ट्रक की तकनीकी जांच के जरिए हादसे के कारणों का पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *