Meta Pixel

भादो में सावन जैसी मूसलाधार : चौबीस घंटे में जगदलपुर में 316 रायपुर में 207 मिमी बरस गया

Spread the love

रायपुर। भादो में लगी सावन की झड़ी ने पिछले तीन दिन से प्रदेश के बड़े हिस्से के जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग में इसका असर भले ही कम है, मगर पूरा बस्तर और रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव के कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश हो रही है। पिछले चौबीस घंटे में जगदलपुर में सर्वाधिक 316 मिमी. रायपुर में 207 मिमी. वर्षा हो चुकी है। शनिवार को बादलों का असर बिलासपुर और सरगुजा संभाग में नजर आएगा।

गहरे अवदाब के रूप में सक्रिय सिस्टम का असर प्रदेश के दक्षिण और मध्य इलाके में व्यापक रूप से हुआ है। वैसे तो बारिश की गतिविधि बुधवार से हो रही, मगर गुरुवार से शुरू हुई झड़ी कभी जोरदार तो कभी मध्यम रूप से शुक्रवार की देर रात तक अपना असर दिखा रही है। व्यापक वर्षा ने राज्य के बड़े हिस्से के जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इसके प्रभाव से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं तो शहरी इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है।

24 घंटे में हुई 74 मिमी बरसात से सुधरे आंकड़े
|मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले चौबीस घंटे में औसत से पांच प्रतिशत कम का अंतर सामान्य जैसी स्थिति में आ गया है। चौबीस घंटे में हुई 74 मिमी. बरसात से कुल वर्षा 1123 मिमी. से अधिक हो चुकी है। इन क्षेत्रों में भी जमकर वर्षा : लोहंडीगुड़ा में 230, बास्तानार, नानगुर में 220, भानपुरी, मरदापाल में 210, तोकपाल, माकड़ी में 200, बस्तर, केशकाल में 190, बड़े बचेली में 180, देवभोग में 170, कोहकामेट, अंतागढ़, मैनपुर, धनोरा, अमलीपदर, नारायणपुर, दरभा, ओरछा, बकावंड, छिंदगढ, कोंडगांव में में 170 से 150 मिमी. तक वर्षा हुई है। इसके अलावा बस्तर के अन्य जिलों के साथ रायपुर, दुर्ग, गरियाबंद में 140 से 100 मिमी. तक बारिश हुई है।

लो-प्रेशर एरिया में होगा तब्दील मौसम का एक
अवदाब दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण अंदरूनी उड़ीसा के ऊपर स्थित है तथा यह 15 किलोमीटर प्रति घंटे के गति से उत्तर उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके लगातार उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 12 घंटे तक अपनी तीव्रता बनाए रखने की संभावना है। उसके बाद के 12 घंटे में कमजोर होकर चिन्हित निम्नदाब के क्षेत्र के रूप में परिवर्तित होने के आसार हैं। कल भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः उत्तर-पश्चिम में स्थित सरगुजा संभाग, बिलासपुर संभाग, दुर्ग संभाग और रायपुर संभाग के जिले में संभावित हैं। 

भारी बारिश के चलते आज रहेगा अवकाश: सीएम साय
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शनिवार 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा आवागमन में कठिनाई की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसी परिस्थितियों में स्कूली बच्चों को किसी प्रकार का जोखिम न उठाना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर के विद्यालयों में अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है। साय ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *