Meta Pixel

सिंगापुर में छत्तीसगढ़ का निवेश मॉडल पेश करेंगे CM साय, ग्रीन डेवलपमेंट से लेकर बड़े निवेश पर फोकस

Spread the love

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सिंगापुर दौरे के पहले दिन छत्तीसगढ़ ने शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और निवेश के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के विश्वप्रसिद्ध Gardens by the Bay के अधिकारियों से मुलाकात कर हरित विकास और उद्यान प्रबंधन के अनुभवों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री साय भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद Singapore Business Federation की ओर से आयोजित Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026 में शामिल होने सिंगापुर पहुंचे हैं।

Gardens by the Bay के अनुभव से विकसित होगा छत्तीसगढ़ का ग्रीन मॉडल

मुख्यमंत्री साय ने Gardens by the Bay के जनरल मैनेजर एवं मास्टर प्लानिंग जेस येओ, डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन, उद्यान प्रबंधन, वनस्पति संरक्षण और शहरी हरियाली जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा उद्यानिकी, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्र में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक संपदा, घने जंगलों और जैव विविधता के लिए जाना जाता है। सिंगापुर के अनुभव का इस्तेमाल नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ-साथ प्रदेश के शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

सिंगापुर के उद्योग जगत को छत्तीसगढ़ में निवेश का न्योता

दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री साय Singapore Business Federation के Leadership Dinner में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, Singapore Business Federation के चेयरमैन मार्क ली और CEO कोक पिंग सून सहित उद्योग जगत के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति और निवेश की संभावनाओं को सामने रखा।

बड़े ब्रांड्स के सामने छत्तीसगढ़ का निवेश प्रस्ताव

डिनर में Mastercard, Tata Consultancy Services, Nestlé और The Indian Hotels Company Limited जैसी कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री साय ने राज्य में MSME, स्टार्टअप, मैन्युफैक्चरिंग और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत से ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया।

आज SING Forum, कल CEO Roundtable

मुख्यमंत्री साय 5 अक्टूबर को SING Forum-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को CEO Roundtable में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक होगी।

इन बैठकों में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, आर्थिक साझेदारी और प्रदेश की औद्योगिक क्षमता पर चर्चा होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री का यह दौरा छत्तीसगढ़ को ग्रीन डेवलपमेंट, ईको-टूरिज्म और वैश्विक निवेश के संभावित केंद्र के रूप में प्रस्तुत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *