फॉर्च्यून इंडिया ने देश के 100 सबसे अमीर अरबपतियों की नई सूची जारी की है। इस लिस्ट में मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी की संपत्ति में सालभर के दौरान बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद दोनों उद्योगपति देश के सबसे अमीर लोगों की सूची में पहले और दूसरे स्थान पर कायम हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, टॉप-100 में शामिल 30 उद्योगपतियों की कुल संपत्ति में 4.26 लाख करोड़ रुपए की कमी आई है। इसमें मुकेश अंबानी की संपत्ति सबसे ज्यादा 82 हजार करोड़ रुपए घटी है। वहीं, गौतम अडाणी की संपत्ति में 59 हजार करोड़ रुपए की गिरावट दर्ज की गई। दोनों की कुल संपत्ति में 1.41 लाख करोड़ रुपए की कमी आई है।
सावित्री जिंदल की संपत्ति में सबसे बड़ा उछाल
जहां कुछ अरबपतियों की संपत्ति कम हुई, वहीं 56 उद्योगपतियों की दौलत में कुल 7.70 लाख करोड़ रुपए का इजाफा हुआ। इस दौरान 31 अरबपतियों की संपत्ति घटी, जबकि 13 नए चेहरे पहली बार टॉप-100 में शामिल हुए।
सावित्री जिंदल की संपत्ति में सबसे ज्यादा 1 लाख करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई। वहीं, श्याम भारती और हरि भारती की संपत्ति प्रतिशत के लिहाज से सबसे ज्यादा 78% बढ़ी।
माइनिंग कंपनी रुंगटा माइंस के नंदलाल रुंगटा और मुकुंद रुंगटा ने भी पहली बार इस प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाई है। दोनों उद्योगपति 61वें स्थान पर हैं।