एशियाई खेल 2026 के सातवें दिन भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया है। यह भारत का प्रतियोगिता में तीसरा स्वर्ण पदक है और कबड्डी में टीम इंडिया का लगातार दूसरा गोल्ड है। विमेंस टीम इंडिया ने लगातार पांचवें एशियाड में मेडल जीतने का सिलसिला भी बरकरार रखा है।
भारत ने सातवें दिन अब तक तीन मेडल जीते हैं, जिससे कुल पदकों की संख्या 26 हो गई है। अब स्क्वैश में अनाहत सिंह भारत के लिए एक और मेडल पक्का करने से सिर्फ एक जीत दूर हैं। युवा खिलाड़ी महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में खेल रही हैं। जीत उन्हें गोल्ड मेडल मैच में पहुंचा देगी और भारत का एक और पदक पक्का हो जाएगा।
शूटिंग में तिलोत्तमा सेन, विदर्शा विनोद और आशी चौकसे की तिकड़ी ने महिलाओं के 50 मीटर राइफल 3-पोजीशन टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। इससे पहले सावन बरवाल ने पुरुषों की मैराथन में 2:11:37 के अपने सर्वश्रेष्ठ समय के साथ सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रचा। इस नतीजे से भारत को पुरुषों की मैराथन में 44 साल बाद एशियाई खेलों का पहला मेडल मिला। स्क्वैश में जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार ने मिक्स्ड डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
आज के अब तक के नतीजों की झलक
- एथलेटिक्स: सावन बरवाल ने पुरुषों की मैराथन में 2:11:37 के राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय के साथ सिल्वर मेडल जीता। भारत को इस स्पर्धा में 44 साल बाद एशियाई खेलों का मेडल मिला।
- एथलेटिक्स: पुरुष डेकाथलॉन 100 मीटर हीट के बाद तेजस्विन शंकर 865 अंकों के साथ 5वें और तौफीक नौशाद 856 अंकों के साथ 7वें स्थान पर रहे।
- कैनो स्प्रिंट: हर्षवर्धन शक्तावत पुरुषों के कयाक सिंगल 500 मीटर सेमीफाइनल में 5वें स्थान पर रहे और फाइनल B के लिए क्वालिफाई किया।
- फेंसिंग: भारत ने महिलाओं की फॉइल टीम के राउंड ऑफ-16 में इंडोनेशिया को 45-24 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
- कैनो स्प्रिंट: पार्वती गीता और प्रसन्ना कुमार ने मिक्स्ड कयाक डबल 500 मीटर सेमीफाइनल में दूसरा स्थान हासिल कर फाइनल A में जगह बनाई।
- टेबल टेनिस: यशस्वी घोरपड़े महिलाओं के सिंगल्स राउंड-3 में जापान की मिवा हारिमोटो से हारकर बाहर हुईं।
- एथलेटिक्स: डेकाथलॉन लॉन्ग जंप में तेजस्विन शंकर 7.53 मीटर के साथ पहले और तौफीक नौशाद 7.37 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। ओवरऑल स्टैंडिंग में तेजस्विन दूसरे और तौफीक चौथे स्थान पर रहे।
- बैडमिंटन: लक्ष्य सेन पुरुष सिंगल्स के दूसरे राउंड में सिंगापुर के लोह कीन यू से 12-21, 21-15, 14-21 से हार गए।
- फेंसिंग: भारत ने पुरुषों की सेबर टीम के राउंड ऑफ-16 में फिलीपींस को 45-27 से हराया, लेकिन क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया से 25-45 से हार गया।
- शूटिंग: तिलोत्तमा सेन, विदर्शा विनोद और आशी चौकसे ने महिलाओं के 50 मीटर राइफल 3-पोजीशन टीम इवेंट में सिल्वर जीता।
- एथलेटिक्स: अनिमेष कुजूर पुरुषों की 200 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचे।
- फेंसिंग: महिलाओं की फॉइल टीम क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया से 15-45 से हार गई।
- स्क्वैश: जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार ने मिक्स्ड डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
- शूटिंग: महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3-पोजीशन व्यक्तिगत फाइनल में तिलोत्तमा सेन चौथे और विदर्शा विनोद पांचवें स्थान पर रहीं।
- कबड्डी: भारतीय महिला टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल जीता और खिताब बरकरार रखा। यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है।