Meta Pixel

कारुआना ने प्रज्ञानानंदा को हराया: ग्रैंड चेस टूर फाइनल में 6-0 की बढ़त, दूसरा क्लासिकल गेम आज

Spread the love

सेंट लुइस में चल रहे ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स 2026 के खिताबी मुकाबले में अमेरिका के ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारुआना ने भारत के आर. प्रज्ञानानंदा को पहले क्लासिकल गेम में हरा दिया। इस जीत के साथ कारुआना ने मैच में 6-0 की बढ़त बना ली है। दोनों के बीच दूसरा क्लासिकल मुकाबला 26 अगस्त को खेला जाएगा।

मुकाबले में प्रज्ञानानंदा ने लंबे समय तक कारुआना को कड़ी टक्कर दी और स्थिति बराबरी की बनी रही। हालांकि 28वीं चाल में हुई गलती के बाद कारुआना को निर्णायक बढ़त मिल गई और उन्होंने गेम अपने नाम कर लिया।

28वीं चाल की गलती बनी हार की वजह

कारुआना के अनुसार मुकाबले के अधिकांश हिस्से में उन्हें कोई स्पष्ट बढ़त नजर नहीं आ रही थी। 26वीं चाल पर वह स्थिति को बेहतर करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कुछ ही चाल बाद प्रज्ञानानंदा की गलती ने बाजी पलट दी।

इसका फायदा उठाते हुए कारुआना ने अपनी स्थिति मजबूत की और अंत में जीत दर्ज कर ली।

8 साल बाद क्लासिकल गेम में मिली जीत

कारुआना ने बताया कि ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स में 2018 के बाद यह उनकी पहली क्लासिकल जीत है। 6-0 की बढ़त के बाद उन्होंने कहा कि अगले मुकाबले में काले मोहरों से खेलते हुए अगर वह गेम संभाल लेते हैं, तो फाइनल पर उनकी पकड़ और मजबूत हो जाएगी।

कीमर और वेस्ली सो का मुकाबला ड्रॉ

तीसरे स्थान के लिए खेले जा रहे मुकाबले में विंसेंट कीमर और वेस्ली सो के बीच पहला क्लासिकल गेम ड्रॉ रहा। दोनों खिलाड़ियों ने जटिल स्थिति में शानदार खेल दिखाया और मुकाबला रूक एंडगेम तक पहुंचने के बाद बराबरी पर खत्म हुआ।

कीमर ने माना कि लंबे टूर्नामेंट की वजह से खिलाड़ियों पर थकान का असर पड़ रहा है। हालांकि नए मैच की शुरुआत ने उन्हें पिछली हार से उबरकर दोबारा फोकस करने में मदद की।

दूसरा क्लासिकल गेम आज

कारुआना-प्रज्ञानानंदा और कीमर-वेस्ली सो के बीच दूसरा क्लासिकल गेम 26 अगस्त को भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे खेला जाएगा। मुकाबला बराबरी पर रहने की स्थिति में बोनस टाई-ब्रेकर का सहारा लिया जा सकता है।

इसके बाद गुरुवार को रैपिड और ब्लिट्ज मुकाबले खेले जाएंगे।

ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स 2026 का आयोजन 22 से 27 अगस्त तक सेंट लुइस में हो रहा है। टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 4.5 लाख डॉलर है, जबकि विजेता को 2 लाख डॉलर मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *