Meta Pixel

जान्हवी कपूर का AI मॉर्फ्ड वीडियो पर फूटा गुस्सा, बोलीं- मेरी तस्वीर, शरीर और सीमाओं पर अधिकार सिर्फ मेरा!

Spread the love

बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर ने अपनी फिल्म ‘देवरा’ के गाने ‘छुट्टामल्ले’ से जुड़े एक AI-मॉर्फ्ड वीडियो को लेकर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस एडिटेड वीडियो में उनकी तस्वीर और वीडियो को बदलकर आपत्तिजनक कंटेंट तैयार किया गया था। बाद में इस वीडियो को हटा दिया गया।

जान्हवी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए AI के गलत इस्तेमाल पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी महिला की तस्वीर या वीडियो को उसकी अनुमति के बिना बदलना और उसका गलत इस्तेमाल करना स्वीकार्य नहीं है।

‘नहीं’ का मतलब ‘नहीं’

जान्हवी ने महिलाओं की सहमति और निजी सीमाओं के सम्मान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी महिला ने पहले किसी बात के लिए सहमति दी हो, लेकिन बाद में मना कर दे, तो उसके ‘नहीं’ का सम्मान किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी महिला के कपड़े या उसकी सार्वजनिक तस्वीर किसी को उसकी तस्वीर अथवा वीडियो का गलत तरीके से इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं देते।

सिर्फ बेटियों को सावधान करना काफी नहीं

जान्हवी ने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए सिर्फ महिलाओं और बेटियों को सावधान रहने की सलाह देना पर्याप्त नहीं है। समाज में सोच और परवरिश को बदलना भी जरूरी है।

उनका कहना था कि बच्चों को बचपन से ही यह समझ दी जानी चाहिए कि किसी दूसरे व्यक्ति की निजी सीमा का सम्मान करना जरूरी है। उन्होंने उन पुरुषों से भी ऐसे मामलों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की, जो सही और गलत के बीच फर्क समझते हैं।

Jr NTR समेत कई सितारों को कहा शुक्रिया

जान्हवी कपूर ने अपने ‘देवरा’ को-स्टार Jr NTR का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने AI से बनाए गए इस आपत्तिजनक वीडियो के खिलाफ आवाज उठाने के लिए उनकी सराहना की।

जान्हवी ने कहा कि जब कोई लोकप्रिय व्यक्ति ऐसे मुद्दे पर खुलकर बोलता है, तो इससे उन महिलाओं को भी हिम्मत मिलती है, जो इस तरह की घटनाओं का सामना कर चुकी हैं।

उन्होंने चिरंजीवी, विजय और खुशबू का भी इस मामले पर आवाज उठाने और गलत कंटेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने के लिए शुक्रिया अदा किया।

जान्हवी ने अपने संदेश में जोर देकर कहा कि हर महिला को सबसे पहले एक इंसान के रूप में देखा जाना चाहिए। उसकी तस्वीर, उसका शरीर और उसकी निजी सीमाएं उसकी अपनी हैं और उनके बारे में फैसला लेने का अधिकार भी उसी का है।

Janhvi Kapoor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *