Gandhari Trailer: तापसी पन्नू की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘गांधारी’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। नेटफ्लिक्स की इस फिल्म में तापसी एक ऐसी मां बानी का किरदार निभा रही हैं, जिसकी बेटी अचानक लापता हो जाती है। बेटी को वापस लाने के लिए बानी खतरनाक लोगों और कई मुश्किलों से भिड़ने का फैसला करती है।
ट्रेलर में एक मां की भावनात्मक जंग के साथ-साथ जबरदस्त एक्शन और रहस्य की झलक देखने को मिलती है। शुरुआत में बानी पुलिस की मदद से बेटी को खोजने की कोशिश करती हैं, लेकिन जब उन्हें कोई खास सफलता नहीं मिलती तो वह खुद उसकी तलाश में निकल पड़ती हैं।
बेटी की तलाश में खतरनाक दुनिया से सामना
बानी को जल्द ही एहसास होता है कि उनकी बेटी का गायब होना कोई सामान्य गुमशुदगी का मामला नहीं है। अपनी जांच के दौरान उन्हें कई छिपे हुए राज और खतरनाक लोगों का सामना करना पड़ता है।
बेटी की तलाश में आगे बढ़ते-बढ़ते बानी का किरदार भी बदलता नजर आता है। एक तरफ वह अपनी बेटी के लिए परेशान और बेबस मां हैं, तो दूसरी ओर खतरा सामने आने पर दुश्मनों से सीधे भिड़ने से भी पीछे नहीं हटतीं।
मां-बेटी के रिश्ते की इमोशनल कहानी
‘गांधारी’ का ट्रेलर सिर्फ एक्शन और थ्रिल से भरपूर नहीं है, बल्कि इसमें मां-बेटी के रिश्ते की भावनात्मक ताकत भी दिखाई गई है। बेटी को वापस पाने की बानी की जिद उन्हें हर खतरे का सामना करने की ताकत देती है।
जैसे-जैसे उनकी तलाश आगे बढ़ती है, शहर से जुड़े कई चौंकाने वाले राज सामने आते हैं। इस बीच यह भी सवाल बना रहता है कि बानी की मदद कौन कर रहा है और कौन उसकी राह में सबसे बड़ा खतरा है।
ये कलाकार भी आएंगे नजर
तापसी पन्नू के साथ ईश्वक सिंह गोखुल की भूमिका में नजर आएंगे। वह एक ऐसे पिता का किरदार निभा रहे हैं, जो बेटी के गायब होने के बाद पूरी तरह टूट चुका है।
वहीं जतिन सरना जांच अधिकारी कबीर की भूमिका में हैं, जो लापता लड़कियों के मामले की सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश करता है। फिल्म में स्वास्तिका मुखर्जी, मीता वशिष्ठ और छाया कदम भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
फिल्म का निर्देशन देवाशीष मखीजा ने किया है। तापसी पन्नू स्टारर ‘गांधारी’ 3 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।