Meta Pixel

नेपाल के रसुवा और सीमावर्ती क्षेत्रों में भोटेकोशी नदी के उफान और जलप्रलय के कारण मची भारी तबाही को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह सतर्क…

Spread the love

लखनऊ: पड़ोसी देश नेपाल में भारी बारिश, बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के उन नागरिकों की मदद के लिए आपातकालीन व्यवस्था सक्रिय कर दी है, जो नेपाल के प्रभावित इलाकों में फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य स्तरीय आपदा हेल्पलाइन 1070 को सक्रिय किया गया है।

राहत आयुक्त कार्यालय ने भारतीय और नेपाली दूतावासों से संपर्क स्थापित कर समन्वय शुरू कर दिया है। सरकार का उद्देश्य नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों की जानकारी जुटाना और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में मदद करना है।

फंसे लोगों के परिजन 1070 पर दें सूचना

उत्तर प्रदेश सरकार ने अपील की है कि नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में यदि किसी का परिजन या परिचित फंसा हुआ है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो तत्काल 1070 पर जानकारी दर्ज कराएं।

मिली जानकारी को संबंधित प्रशासन और दूतावास के साथ साझा किया जाएगा, ताकि जरूरत के अनुसार राहत और बचाव की कार्रवाई की जा सके।

दोनों देशों के दूतावासों से सीधा संपर्क

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राहत आयुक्त कार्यालय ने भारतीय और नेपाली दूतावासों के साथ समन्वय स्थापित किया है। नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश के नागरिकों से संबंधित कोई जानकारी मिलने पर उसे राज्य राहत आयुक्त कार्यालय तक पहुंचाने का आग्रह किया गया है।

इसके जरिए जरूरतमंद लोगों तक भोजन, दवाइयां और अन्य जरूरी सहायता पहुंचाने के साथ उनकी सुरक्षित वापसी के प्रयास किए जाएंगे।

महाराजगंज और कुशीनगर में प्रशासन सतर्क

नेपाल में भोटेकोशी समेत पहाड़ी नदियों के उफान को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में भी प्रशासन को अलर्ट किया गया है। महाराजगंज और कुशीनगर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों के अधिकारियों को संभावित बाढ़ के मद्देनजर जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

गंडक-नारायणी के जलस्तर पर नजर

नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के असर को देखते हुए गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

सिंचाई और जल संसाधन विभाग की टीमों को तटबंधों की निगरानी बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में लगातार स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। प्रशासन का फोकस सीमावर्ती बस्तियों को संभावित बाढ़ के खतरे से बचाने पर है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में आपदा से प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सकुशलता की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *