Meta Pixel

पाकिस्तान के कोहाट में मस्जिद के पास फिदायीन धमाका, 16 की मौत और 50 से ज्यादा घायल

Spread the love

नई दिल्ली। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को पुलिस लाइंस परिसर स्थित मस्जिद के पास भीषण विस्फोट हुआ। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसे फिदायीन हमला माना जा रहा है। इस घटना में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

धमाके के बाद मस्जिद के बाहर गोलीबारी

जानकारी के मुताबिक, विस्फोट पुलिस लाइंस परिसर में मौजूद मस्जिद के गेट के पास हुआ। धमाके के बाद मस्जिद के बाहर फायरिंग किए जाने की भी खबर है। हालांकि, अभी तक किसी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

बताया जा रहा है कि यह मस्जिद कोहाट जिले की पुरानी पुलिस लाइंस के नजदीक स्थित है। यह इलाका खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर से करीब 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में पड़ता है।

विस्फोटकों से भरा वाहन गेट से टकराया

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोटकों से लदा एक वाहन मस्जिद के गेट से टकराया, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद के बाहर जमीन पर गड्ढा बन गया। घायलों में कई पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

जिला मुख्यालय अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट ताहिर अली शाह के मुताबिक, धमाके के बाद अस्पताल में 15 शव लाए गए, जबकि 50 से अधिक घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया। मृतकों में पांच पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं।

इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद पुलिस लाइंस परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विस्फोट की सटीक वजह, हमले में शामिल लोगों और जिम्मेदार संगठन को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *