Meta Pixel

बीएसपी में सुरक्षा एवं गेट प्रवेश व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में सेजेस-आरएफआईडी स्मार्ट गेट पास प्रणाली का शुभारंभ

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में सुरक्षा एवं प्रवेश प्रबंधन व्यवस्था को तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की दिशा में सेजेस (स्मार्ट एक्सेस एंड गेट एंट्री सिस्टम) परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस स्मार्ट गेट प्रवेश प्रणाली का उद्देश्य अनधिकृत प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ संयंत्र के कर्मचारियों, अधिकारियों एवं अन्य अधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश एवं निकास को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित, सुगम एवं दक्ष बनाना है।

सेजेस परियोजना के अंतर्गत संयंत्र के सभी 12 प्रवेश द्वारों पर आरएफआईडी आधारित स्मार्ट गेट पास प्रणाली लागू की जाएगी। यह आधुनिक प्रणाली वर्तमान गेट पास व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुगम एवं तकनीक-सक्षम बनाने में सहायक होगी तथा प्रवेश प्रक्रिया में पहचान एवं सत्यापन को अधिक सरल और सहज बनाएगी। इससे कर्मचारियों एवं अन्य अधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाते हुए गेट प्रबंधन की कार्यप्रणाली को और अधिक दक्ष बनाया जा सकेगा।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने सेजेस परियोजना की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, डीआईजी (सीआईएसएफ) श्री चंदन कुमार झा, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएं) श्री प्रवीण राय भल्ला, मुख्य महाप्रबंधक (मैनेजमेंट सर्विसेज) श्री रवि शंकर तथा मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री प्रशांत ओझा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने सेजेस परियोजना को बीएसपी की सुरक्षा व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों एवं केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा किए जा रहे समन्वित प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रभारी (टीएसडी) श्री ए.बी. श्रीनिवास, महाप्रबंधक प्रभारी (सीएंडआईटी) सुश्री नीना जायसवाल, महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी, महाप्रबंधक प्रभारी (एचआर-एलएंडडी) श्री संजीव श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (मानव संसाधन-संकार्य) श्री संजय द्विवेदी, महाप्रबंधक (सीएंडआईटी) सुश्री सरबानी दास, महाप्रबंधक (सीएंडआईटी) श्री संदीप झा, महाप्रबंधक (टीएसडी) श्री विष्णु पाठक, महाप्रबंधक (मानव संसाधन-आईआर एंड सीएलसी) श्री राजीव कुमार, तथा परियोजना प्रबंधक एवं उप महाप्रबंधक (एएंडडी) श्री मनीष सिंह चौहान सहित भिलाई इस्पात संयंत्र एवं सीआईएसएफ के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सेजेस प्रणाली का प्रमुख उद्देश्य सुरक्षा और सुविधा के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करना है। स्मार्ट तकनीक के माध्यम से कर्मचारियों एवं अन्य अधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही को अधिक सुव्यवस्थित किया जा सकेगा, वहीं सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक नियंत्रण भी अधिक प्रभावी बनाए जा सकेंगे। आरएफआईडी एवं फेस-रिकग्निशन आधारित यह प्रणाली प्रवेश के समय पहचान एवं सत्यापन की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के साथ-साथ संयंत्र के विभिन्न प्रवेश द्वारों से होने वाली आवाजाही की निगरानी एवं ट्रैकिंग को भी बेहतर बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *