Sanjay Dutt Controversy: बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त हाल ही में अपने एक बयान को लेकर सोशल मीडिया पर विवादों में घिर गए। शेखर सुमन के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान उन्होंने भारत में पहले जैसी शांति महसूस नहीं होने की बात कही थी। इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने अभिनेता की आलोचना की। विवाद बढ़ने के बाद अब संजय दत्त ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपना पक्ष स्पष्ट किया है।
संजय दत्त ने कहा- किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना मकसद नहीं
संजय दत्त ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी का उद्देश्य किसी व्यक्ति, समुदाय या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। अभिनेता के मुताबिक, उनकी बात को उस संदर्भ से अलग समझ लिया गया, जिसमें वह कही गई थी।
उन्होंने कहा कि उनकी मंशा किसी को नाराज या अपमानित करने की बिल्कुल नहीं थी।
‘स्क्रिप्टेड बातचीत का हिस्सा था पूरा बयान’
अभिनेता ने यह भी स्पष्ट किया कि पॉडकास्ट में हुई बातचीत पूरी तरह स्क्रिप्टेड थी और उसका उद्देश्य हल्के-फुल्के तथा मजाकिया अंदाज में बात करना था।
संजय दत्त ने अपनी सफाई में ‘मुन्ना भाई’ फिल्मों और खास तौर पर ‘गांधीगिरी’ का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके लिए इसका संदेश प्यार, अपनापन, एकता और सद्भावना से जुड़ा रहा है। उन्होंने अफसोस जताया कि उनकी कही गई बात का अर्थ मूल संदर्भ से अलग निकाला गया।
क्या कहा था संजय दत्त ने?
शेखर सुमन के पॉडकास्ट में संजय दत्त ने भारत के लोगों की गर्मजोशी और मेहमाननवाजी की तारीफ की थी। हालांकि, बातचीत के दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें परिस्थितियों में कुछ बदलाव महसूस होता है और अब उन्हें पहले जैसी शांति महसूस नहीं होती।
उनकी यही टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। कुछ यूजर्स ने इसे लेकर नाराजगी जताई और अभिनेता से सवाल किए। विवाद बढ़ने के बाद संजय दत्त को सार्वजनिक रूप से सफाई देनी पड़ी।
‘खलनायक रिटर्न्स’ में दिखेंगे संजय दत्त
वर्कफ्रंट की बात करें तो संजय दत्त जल्द ही अपनी चर्चित फिल्म ‘खलनायक’ के सीक्वल ‘खलनायक रिटर्न्स’ में नजर आने वाले हैं। साल 1993 में रिलीज हुई ‘खलनायक’ में उन्होंने बल्लू बलराम का किरदार निभाया था, जो उनके करियर के यादगार किरदारों में शामिल है।