मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह एक बार फिर अपने मजाकिया अंदाज को लेकर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। हाल ही में एक ब्रांड शूट के दौरान का उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ महिलाएं उनसे बातचीत और मजाक करती नजर आती हैं। इस दौरान रणवीर का चुटीला जवाब इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत रहा है।
ब्रांड शूट के दौरान हुआ मजेदार किस्सा
वायरल वीडियो को मॉडल दीक्षा नारंग ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। उन्होंने बताया कि यह वीडियो अप्रैल 2026 में एक ब्रांड कैंपेन की शूटिंग के दौरान रिकॉर्ड किया गया था।
दीक्षा के मुताबिक, शूटिंग के बीच कॉफी मशीन में तकनीकी दिक्कत आने से कुछ देर के लिए काम रुक गया। माहौल हल्का करने के लिए उन्होंने रणवीर सिंह से बातचीत शुरू की और इसी दौरान सेट पर हंसी-मजाक का सिलसिला चल पड़ा।
रणवीर का जवाब बना वायरल
वीडियो में बातचीत के दौरान रणवीर सिंह मुस्कुराते हुए मजाकिया लहजे में कहते हैं,
“इतना फ्लर्ट कर रही हो… मैं दो बच्चों का बाप बनने वाला हूं यार।”
उनकी यह बात सुनते ही सेट पर मौजूद सभी लोग ठहाके लगाकर हंस पड़ते हैं। सोशल मीडिया पर भी फैंस रणवीर के हाजिरजवाबी और बेफिक्र अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं रणवीर-दीपिका
रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण जल्द ही दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं। दोनों ने सितंबर 2024 में अपनी बेटी दुआ का स्वागत किया था। अब उनके परिवार में एक और नए मेहमान के आने का इंतजार है।
वर्क फ्रंट पर व्यस्त हैं रणवीर
फिल्मी करियर की बात करें तो रणवीर सिंह हाल ही में रिलीज हुई फिल्मों ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में नजर आए थे। अब वह अपनी अगली फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। बताया जा रहा है कि यह एक जॉम्बी-थीम पर आधारित फिल्म है, जिसका निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं।