Meta Pixel

सेवा सेतु शिविर में मिनटों में मिला मृत्यु प्रमाण पत्र

Spread the love

दुर्ग, 05 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर आम नागरिकों के लिए शासकीय सेवाएं त्वरित और सहज रूप से उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। शिविर में जरूरतमंद लोगों को विभिन्न प्रमाण पत्र और सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिवपारा, दुर्ग निवासी स्वर्गीय तेज प्रकाश यादव के परिवार को शिविर में सहायता प्राप्त हुई। परिवारजनों ने बताया कि तेज प्रकाश यादव का 25 सितम्बर 2026 को निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार को मृत्यु प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी, लेकिन प्रमाण पत्र नहीं बन पाया था। इसी दौरान परिजनों को सेवा सेतु शिविर के आयोजन की जानकारी मिली। उन्होंने शिविर में पहुंचकर मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
शिविर में मौजूद विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आवेदन की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया तत्काल पूरी की। अधिकारियों की तत्परता के चलते महज कुछ ही मिनटों में मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर परिजनों को सौंप दिया गया। मृत्यु प्रमाण पत्र मिलने से परिवार को आवश्यक शासकीय एवं अन्य प्रक्रियाओं को पूरा करने में सुविधा मिली। परिजनों ने शिविर में त्वरित सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ‘सरकारी सेवाएं, आपके द्वार’ की भावना को साकार कर रही हैं और नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *