छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तालाब में नहाने गईं तीन मासूम सहेलियों की डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चियां गुरुवार को स्कूल नहीं गई थीं और दोपहर में नहाने के लिए तालाब पहुंची थीं। शाम तक जब वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के किनारे चप्पल और कपड़े मिलने के बाद खोजबीन की गई, जिसमें तीनों के शव बरामद हुए। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। मामला पाली थाना क्षेत्र का है।
घर नहीं लौटने पर शुरू हुई तलाश
जानकारी के अनुसार, इंदु अगरिया उम्र 7 वर्ष, राखी उम्र 8 वर्ष और साधना उम्र 8 वर्ष नुनेरा गांव की रहने वाली थीं। तीनों सहेलियां कक्षा पहली में पढ़ती थीं और किसान परिवारों से ताल्लुक रखती थीं।
गुरुवार को परिवार के सदस्य काम पर गए हुए थे। इसी दौरान तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गईं और दोपहर में तालाब में नहाने चली गईं। शाम को परिजन घर लौटे तो बच्चियां वहां नहीं थीं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की।
तालाब के किनारे मिले कपड़े और चप्पल
तलाश के दौरान एक ग्रामीण तालाब तक पहुंचा। वहां मेड़ पर बच्चियों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इसी बीच तालाब में एक बच्ची का शव दिखाई दिया। ग्रामीण ने तुरंत परिजनों और अन्य लोगों को इसकी सूचना दी।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पहले बच्ची के शव को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद बाकी दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की गई।
कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शव बरामद
पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर काफी देर तक खोजबीन की। कड़ी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
एक बच्ची को बचाने के प्रयास में हादसे की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान पहले एक बच्ची गहरे पानी में डूबने लगी होगी। उसे बचाने की कोशिश में बाकी दोनों सहेलियां भी पानी में उतर गई होंगी और तीनों हादसे का शिकार हो गईं। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। तालाब से एक बच्ची का शव मिलने के बाद बाकी दोनों की तलाश की गई और उनके शव भी बरामद कर लिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गुरुवार दोपहर को तीनों सहेली इसी तालाब में नहाने पहुंची थी।

तालाब पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों को पहले एक नाबालिग का शव दिखा, जिसे फौरन बाहर निकाला गया।

कड़ी मशक्कत के बाद 2 और नाबालिगों का शव बरामद किया गया, तीनों शवों को पीएम के लिए भेजा गया।

खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई।

ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव बरामद किए।