अंबिकापुर। सरगुजा जिले में स्वाइन फ्लू के चार मरीजों की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सामने आए मरीजों का रायपुर मेकाहारा समेत अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाने के साथ आवश्यक स्वास्थ्यगत सावधानियां भी तेज कर दी हैं।
दो मरीज स्वस्थ होकर लौटे घर
मिली जानकारी के अनुसार चार मरीजों में से दो मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि दो मरीजों का इलाज अभी जारी है। मरीज अंबिकापुर शहर में कोर्ट के पीछे, जेल परिसर के समीप क्षेत्र के अलावा बतौली और चठिरमा इलाके के बताए जा रहे हैं। मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं। साथ ही उनके संपर्क में आए लोगों की भी निगरानी की जा रही है।
मेडिकल कॉलेज में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार
स्वाइन फ्लू के संभावित मरीजों को तत्काल उपचार और आवश्यक निगरानी उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण को लेकर सतर्कता बढ़ाते हुए संबंधित क्षेत्रों में निगरानी और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत किया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें कर रही निगरानी
चार मामलों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों और उनके संपर्क में आए लोगों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रख रही हैं। विभाग की ओर से आवश्यक सावधानियां बरतने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने पर जोर दिया जा रहा है। फिलहाल दो मरीजों के स्वस्थ होकर घर लौटने के बाद स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था के साथ शेष मरीजों के उपचार पर भी नजर बनी हुई है।