Meta Pixel

कुत्ते की पीठ पर सवार नन्हा बंदर : कवर्धा के गांव में अनोखी दोस्ती बनी चर्चा का विषय, 2 महीने से नहीं छूटा साथ

Spread the love

कवर्धा। इंसान और जानवरों के बीच दोस्ती और अपनापन तो आपने कई बार देखा होगा, लेकिन जब दो अलग-अलग प्रजातियों के बीच ऐसा लगाव नजर आए, तो तस्वीर देखकर हैरानी होना लाजमी है। कवर्धा से लगे बकोदा गांव में इन दिनों एक कुत्ता और बंदर का नन्हा बच्चा लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। दोनों के बीच ऐसा रिश्ता देखने को मिल रहा है, जिसे देखकर ग्रामीण भी हैरान हैं।

एक-दो दिन नहीं, दो महीना पुरानी दोस्ती
दरअसल, पिछले करीब दो महीने से एक कुत्ता बंदर के इस नन्हे बच्चे को अपनी पीठ पर लेकर गांव में घूमता नजर आ रहा है। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि बंदर का बच्चा कुत्ते की पीठ से मजबूती से चिपका हुआ है, जबकि कुत्ता भी बिल्कुल सहज होकर उसे अपने साथ लेकर घूम रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों के बीच यह अपनापन कोई एक-दो दिन पुराना नहीं है। पिछले करीब दो महीने से बंदर का बच्चा ज्यादातर समय इसी कुत्ते के साथ नजर आता है। वह उसकी पीठ पर बैठा रहता है और कुत्ता भी उसे खुद से अलग नहीं करता।

क्या कुत्ता कर रहा है बच्चे की देखभाल?
सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यही है कि, आखिर अलग-अलग प्रजातियों के इन दोनों जानवरों के बीच इतना गहरा लगाव कैसे बना? क्या बंदर का बच्चा किसी वजह से अपनी मां से अलग हो गया है और कुत्ते ने उसे अपना लिया है? या फिर दोनों के बीच महज साथ रहने की आदत बन गई है? हालांकि, बिना विशेषज्ञ जांच के यह कहना मुश्किल है कि कुत्ता वास्तव में बंदर के बच्चे को संरक्षण दे रहा है या नहीं। लेकिन जिस तरह बच्चा लगातार उसके साथ रह रहा है और कुत्ता उसे सहजता से अपने साथ लेकर घूम रहा है, वह जरूर लोगों का ध्यान खींच रहा है।

गांव में इनकी दोस्ती बनीं मिसाल
बकोदा गांव की यह तस्वीर अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर जानवरों की ऐसी अनोखी दोस्ती वाली तस्वीरें अक्सर वायरल होती हैं, लेकिन इस मामले में करीब दो महीने से लगातार नजर आ रहा यह साथ इसे और भी खास बना देता है। प्रकृति के रिश्ते वाकई कभी-कभी इंसानी रिश्तों से भी ज्यादा हैरान करने वाले होते हैं। कवर्धा के बकोदा गांव की यह तस्वीर फिलहाल इसी बात की मिसाल बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *