बिलासपुर। सरकारी काम कराने के नाम पर रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई की है। बिलासपुर में ACB की टीम ने नगर निगम के संपदा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ एक क्लर्क को कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
मिली जानकारी के मुताबिक, संपदा अधिकारी दफ्तर में पदस्थ क्लर्क लक्ष्मीकांत कोका पर आरोप है कि, उसने लीज रिन्यूअल कराने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला ने ACB से शिकायत की थी।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जारी
शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB बिलासपुर की टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने क्लर्क को रिश्वत की रकम दी, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। ACB की टीम आरोपी क्लर्क के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।