Meta Pixel

चोरी की खबर देने पर युवक का सिर फोड़ा:गला दबाकर मारने की कोशिश; बांकीमोंगरा पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा

Spread the love

कोरबा के बांकीमोंगरा इलाके में चोरी की जानकारी दुकान मालिक को देना युवक को महंगा पड़ गया। चोरों ने तालाब के पास उसे घेरकर जान से मारने की कोशिश की। आरोपियों ने युवक का गला दबाया और लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद हाथ में पहने लोहे के कड़े से उसके सिर पर कई वार किए। खून से लथपथ युवक को मरा समझकर आरोपी वहां से भाग गए।

घटना बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के चाकाबुड़ा छिछमेपारा की है। 23 साल के अजय सिदार ने 10 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 9 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे उसने सल्हियापारा की एक दुकान के पुराने घर से कान्हा अगरिया, बिज्जू और सोनू अगरिया को चोरी का सामान ले जाते देखा था। अजय ने इसकी जानकारी दुकान मालिक को दे दी थी।

रात 9 बजे तालाब के पास घेरकर हमला

अजय के मुताबिक, चोरी की जानकारी देने से आरोपी नाराज थे। बदला लेने के लिए उन्होंने उसी रात करीब 9 बजे तालाब के पास उसे घेर लिया। कन्हैयालाल अगरिया उर्फ कान्हा (19), विजय कुमार अगरिया उर्फ बिज्जू (20), राहुल सिंह अगरिया उर्फ सोनू (20) और एक नाबालिग पहले से वहां घात लगाकर बैठे थे।

पूछा- तूने दुकान मालिक को क्यों बताया?

आरोपियों ने अजय को देखते ही गाली देना शुरू कर दिया। उन्होंने उससे पूछा कि उसने दुकान मालिक को चोरी की जानकारी क्यों दी। इसके बाद तीनों आरोपियों ने अजय को हाथ-मुक्कों और लातों से पीटा। उन्होंने उसका गला भी दबाया।

लोहे के कड़े से सिर पर किए कई वार

इसी दौरान नाबालिग आरोपी ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से अजय के सिर पर कई वार किए। इससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। अजय की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग गए।

तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग बोर्ड के सामने पेश

बांकीमोंगरा पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *