Meta Pixel

छत्तीसगढ़ समेत 7 राज्यों में मानसून 4 दिन में पहुंचेगा : असम में बाढ़ से 26 लोगों की मौत, 1.61 लाख लोग प्रभावित; 11 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट….!!

Spread the love

देश के आधे से अधिक राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में भारी, तो कहीं प्री मानसून बारिश हो रही है। कुछ जगह अभी भी हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में अगले 3-4 दिन में मानसून के पहुंचने का अनुमान जताया है। गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों के अलावा नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों- सिक्किम, अरुणाचल, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो रही है। असम में बाढ़ की वजह से 15 जिलों में 1.61 लाख लोग प्रभावित हैं। 26 लोगों की मौत हो चुकी है। काजीरंगा नेशनल पार्क में जानवरों की निगरानी के लिए कमांडो तैनात किए गए हैं। IMD ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश के कुछ इलाके, ओडिशा, झारखंड, बिहार और जम्मू डिवीजन में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

जून में अब तक 16 मिलीमीटर कम बारिश हुई
मौसम विभाग ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि देश में 1 से 18 जून के बीच 64.5 मिलीमीटर बारिश हुई, जो 80.6 मिमी की लंबी अवधि के औसत (LPA) से 20 प्रतिशत कम है। जून से सितंबर तक 4 महीने के मानसून सीजन के लिए लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) 868.6 मिलीमीटर (86.86CM) है। यानी मानसून सीजन में कुल इतनी बारिश होनी चाहिए।

18 जून को UP का औरई सबसे गर्म रहा
आधा जून गुजर चुका है, लेकिन उत्तर भारत अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में है। मंगलवार 18 जून को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा की 10 जगहों पर तापमान 45 डिग्री पार पहुंचा। उत्तर प्रदेश औरई में टेम्परेचर 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह देश में सबसे ज्यादा तापमान रहा। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 46.2 डिग्री सेल्सियस टेम्परेचर रिकॉर्ड किया गया।

आम लोगों का जीवन कितना प्रभावित

असम में पार्क की सुरक्षा के लिए स्पेशल कमांडो: असम में बाढ़ के हालात खतरनाक हो गए हैं। यहां 15 जिलों में 1.62 लाख लोग और करीब 1 लाख जानवर प्रभावित हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क में जानवरों की निगरानी के लिए CM हिमंता बिस्वा सरमा ने अफसरों की मीटिंग ली। काजीरंगा में 3 नई बटालियन कमांडो तैनात की गई है। 600 वनकर्मियों की नई भर्ती होगी।

छत्तीसगढ़ में गर्मी की छुट्टियां बढ़ीं: छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी पड़ रही है। रविवार 16 जून को रायपुर और राजनांदगांव का टेम्परेचर 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके चलते समर वैकेशन 25 जून तक बढ़ा दी गई हैं। इससे पहले राज्य सरकार ने गर्मी की छुट्टियां 22 अप्रैल से 15 जून तक घोषित की थीं।

ओडिशा में छुटि्टयों का फैसला कलेक्टर लेंगे: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा है कि मौसम की स्थिति देखते हुए स्कूल कब खुलेंगे, इसका फैसला कलेक्टर करेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कई जिलों में 19 जून तक मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहेगा।

दिल्ली में बिजली की डिमांड बढ़ी: राजधानी दिल्ली में गर्मी की वजह से बिजली की डिमांड रिकॉर्ड 8,647 मेगावॉट पर पहुंच गई है। यहां अगले दो-तीन दिनों में बारिश का अनुमान है। इसके बाद गर्मी से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *