Meta Pixel

दुर्ग पुलिस की छापामार कार्रवाई के दौरान चौथी मंजिल से कूदने वाले युवक की मौत

Spread the love

दुर्ग। छत्‍तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस की छापामार कार्रवाई के दौरान हैदराबाद के एक अपार्टमेंट के चौथी मंजिल से कूदने वाले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस कार्रवाई के बाद पुलिस टीम पर भी प्रश्न चिह्न लगे थे। अब घायल युवक की मौत के बाद दुर्ग पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। बता दें कि दुर्ग पुलिस की टीम ने बीते 28 जून को हैदराबाद के सोई ऐमू रेसीडेंसी गोलीडोडी के मकान नंबर 303 में छापामार कार्रवाई कर ऑनलाइन सट्टा एप लोटस का पैनल पकड़ा था। पुलिस को देखकर सट्टा खेलाने वाला एक युवक सुजीत साव निवासी कैंप-1 ने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी।

जिसके बाद उसे हैदराबाद के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था, गुरुवार को उसकी मौत हो गई। चर्चा ये है कि अब तेलंगाना में दुर्ग पुलिस की टीम के खिलाफ मामला दर्ज हो सकता है। क्योंकि दुर्ग पुलिस की टीम ने कार्रवाई के लिए आवश्यक दस्तावेजों के बिना ही छापामार कार्रवाई कर दी थी और उसी कार्रवाई के दौरान ये घटना हुई थी।

बता दें कि बीते 28 जून को सुपेला पुलिस ने रूआबांधा निवासी विनय यादव उर्फ सुपर स्टार को ऑनलाइन सट्टा खेलाते हुए गिरफ्तार किया था। उससे मिली जानकारी के आधार पर हैदराबाद में कार्रवाई की गई थी।

आरोपित सुजीत साव की मौत की पुष्टि के संबंध में दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला और क्राइम एएसपी ऋचा मिश्रा से संपर्क किया लेकिन, दोनों अधिकारियों ने फोन नहीं उठाया। क्राइम एएसपी ऋचा मिश्रा ने मैसेज के जवाब में आरोपित सुजीत साव के मौत की पुष्टि की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *