Meta Pixel

‘ब्रेड’ : यूक्रेन के इस दावे से उड़ जाएगी रूस की नींद

Spread the love

कीव: रूस और यूक्रेन एक दूसरे पर ताबड़तोड़ हमले कर रहे हैं। इस बीच यूक्रेन ने एक नया हथियार बना लिया है। यूक्रेन ने दावा किया है कि उसके पास सहयोगी देशों से अनुमति लिए बगैर रूस के अंदरूनी इलाकों तक मार करने में सक्षम लंबी दूरी का एक नया हथियार है। रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोव ने कहा है कि मिसाइल और ड्रोन के संयोजन वाला यह स्वदेश निर्मित हथियार रूसी बमबारी का ‘जवाब’ देगा। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि फरवरी 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से रूस के लगातार हवाई हमले करने और यूक्रेन के पश्चिमी सहयोगियों द्वारा रूस में लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल पर शर्तें लगाए जाने के कारण ‘पलियानित्सिया’ हथियार विकसित करने की तत्काल आवश्यकता पैदा हुई। 

जेलेंस्की ने बताया ‘नई श्रेणी’ का हथियार 

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ‘पलियानित्सिया’ की मौजूदगी की पुष्टि की है जिसका नाम यूक्रेन की एक प्रकार की ‘ब्रेड’ के नाम पर रखा गया है। उन्होंने इसे ‘नई श्रेणी’ का हथियार बताया है। अधिकारियों ने ज्यादा जानकारी दिए बगैर बताया कि पूर्व सोवियत संघ से यूक्रेन की आजादी की 33वीं वर्षगांठ पर शनिवार को रूस के एक सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना बनाते हुए नए हथियार का पहली बार इस्तेमाल किया गया। रक्षा मंत्री उमेरोव ने कहा कि इस हथियार का यूक्रेन पर किए हमले के जवाब में जल्द ही फिर से इस्तेमाल किया जाएगा। 

रूस ने यूक्रेन पर किया जोरदार हमला

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, रूस ने यूक्रेन पर भीषण हमला किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस की ओर से किए गए हमलों की निंदा करते हुए  इसे ‘घिनौना’ बताया है। उन्होंने कहा कि रूस ने हमले में विभिन्न प्रकार की 100 से अधिक मिसाइलों, करीब 100 ड्रोन का इस्तेमाल किया है।  जेलेंस्की ने  यह भी पुष्टि की है कि रूस के हमलों से यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा, ‘‘रूस के पिछले हमलों की तरह यह भी घिनौना था जिसमें महत्वपूर्ण असैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। खारकीव और कीव से लेकर ओडेसा तक, हमारे पश्चिमी क्षेत्रों को निशाना बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *