Meta Pixel

बस में 50 साल की महिला से रेप:रायपुर में ड्राइवर ने नशीली फ्रूटी पिलाई; फिर बेहोश होने के बाद किया दुष्कर्म

Spread the love

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 50 साल की महिला से रेप किया गया। बस के ड्राइवर ने ही फ्रूटी में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को पिलाया। जब वह बेसुध हो गई तो उसके साथ दुष्कर्म कर दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के भाटागांव स्थित बस स्टैंड का है। मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता महासमुंद जिले के सरायपाली की रहने वाली है। बुधवार को पति के साथ विवाद होने के बाद वह घर छोड़कर निकल गई थी। दो-तीन दिनों से वह बस स्टैंड के पास रह रही थी। इस दौरान बस के ड्राइवर सोनी लाल झरिया की महिला पर नजर पड़ी। उसने मदद के बहाने से बातचीत शुरू कर दी।

ड्राइवर ने महिला को खिलाया खाना

इन बातचीत में महिला ने अपने घर में हुए विवाद की जानकारी दी। आरोपी सोनी लाल ने महिला की मजबूरी को समझ लिया और उसकी उसकी नीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार को दिनभर महिला के साथ इधर-उधर घूमता रहा। उसने महिला को नाश्ता-खाना भी खिलाया। इसके बाद आरोपी दिन ढलने का इंतजार करने लगा।

फ्रूटी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, फिर रेप

शुक्रवार रात 11 बजे के करीब आरोपी ड्राइवर ने महिला को बातचीत के बहाने बस के अंदर बुलाया। इस दौरान उसने महिला को फ्रूटी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद उसने बस के अंदर ही उसका रेप किया। रेप की घटना के बाद जब महिला को होश आया तो आरोपी ने उसे ये बात किसी को बताने से मना की। हालांकि महिला ने आसपास मौजूद लोगों को पूरी घटना बताई।

गैंगरेप की उड़ी थी अफवाह

शुरुआती जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर दोनों को हिरासत में लिया था। जिससे गैंगरेप की बात सामने आई थी। हालांकि पीड़िता से पूछताछ में ये बात साफ हो गई है कि मामले में एक ही आरोपी शामिल था। जिसके बाद पुलिस ने गैंगरेप की बात को खारिज कर दिया है।

जबलपुर का रहने वाला है आरोपी

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी सोनी लाल झरिया मूलरूप से जबलपुर मध्यप्रदेश का रहने वाला है। वह बीते कुछ सालों से रायपुर में ही बस ड्राइवरी का काम करता था। उसे नशे की भी लत थी। हालांकि वारदात के दौरान आरोपी ने नशा किया था या नहीं, ये बात मेडिकल रिपोर्ट के बाद साफ हो पाएगी।

कपड़े और हेयर के सैंपल बनेंगे सबूत

वारदात की अगली सुबह मौके पर फॉरेंसिक की टीम पहुंची। टीम ने बस के भीतर जिस सीट पर घटना हुई है, वहां से सबूत इकट्ठे किए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने बस की सीट से आरोपी की शर्ट और हेयर सैंपल लिए है। इसके अलावा कुछ नशीले पदार्थ के खाली पैकेट भी मिले हैं। इन सबूतों और बयान के आधार पर ही पुलिस कोर्ट में इस मामले को साबित करेगी।

पुलिस ने कहा-घटना में एक ही आरोपी शामिल

इस मामले में पुरानी बस्ती CSP राजेश देवांगन ने बताया कि मामले में एक आरोपी सोनी लाल झरिया को गिरफ्तार किया गया है। महिला ने बयान में वारदात में एक ही आरोपी के शामिल होने बात कही है। पुलिस इस मामले में बारीकी से जांच पड़ताल कर रही है, आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *