Meta Pixel

महतारी वंदन योजना : महिलाओं को मिलेगा दोबारा मौका:जिन्हें नहीं मिल रहे रुपए, फिर से भरना होगा फॉर्म…!!

Spread the love

छत्तीसगढ़ में लाखों महिलाएं ऐसी हैं, जिन्हें महतारी वंदन योजना के पैसे नहीं मिल रहे। इसकी वजह यह है कि उन्होंने पिछले साल इसका फॉर्म नहीं भरा। अब ऐसी महिलाओं को फिर से मौका मिलने जा रहा है। फिर से पोर्टल शुरू करते हुए आवेदन मंगवाए जाएंगे और महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए मिलेंगे। इसकी जानकारी खुद प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जानकारी दी है। उन्होंने कहा- हम फिर से फॉर्म जारी करने जा रहे हैं, ऐसी महिलाएं जिन्होंने पहली बार में आवेदन नहीं किया, जो छूट गईं, उन्हें फिर से मौका मिलेगा। उन्हें हर महीने योजना की राशि जारी की जाएगी। ये पूछे जाने पर कि ये कब होगा मंत्री ने जवाब में कहा कि निकाय चुनाव के बाद फिर से फॉर्म जारी किया जाएगा। वहीं कांग्रेस ने साय सरकार को घेरते हुए कहा कि अपात्रों पर इस सरकार की विशेष कृपा है। बंदरबांट के अनेकों मामले सामने आए हैं।

38 हजार महिलाओं को नहीं मिल रही राशि

मंत्री ने बताया कि इस वक्त 38 हजार के करीब महिलाओं को योजना की राशि नहीं मिल पा रही है। इसमें अलग-अलग कारण सामने आए हैं, अकाउंट आधार से लिंक न होना या खाता बंद कर देना। दूसरा खाता शुरू करने की वजह से ये हो रहा है। इसमें हर प्रकरण को देखकर व्यवस्था ठीक करने और महिलाओं को पैसे दिए जाने पर विभाग ने काम शुरू कर दिया है।

25 हजार भी मिलेंगे महिलाओं को

छत्तीसगढ़ की सरकार एक नई योजना शुरू कर चुकी है। महतारी वंदन में जिस तरह से महिलाओं के खाते में 1 हजार रुपए हर महीने आते हैं। नई योजना में महिलाओं को 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। हालांकि, ये राशि लोन के रूप में एकमुश्त दिए जाने का नियम है। इस योजना का नाम है ‘महतारी शक्ति ऋण योजना’।

इस योजना का फायदा उन महिलाओं को मिलेगा जिनका खाता राज्य ग्रामीण बैंक में है। जिन महिलाओं को इस खाते में महतारी वंदन योजना की राशि मिलती है वो स्वरोजगार के लिए 25 हजार रुपए तक का लोन बिना किसी औपचारिकता के आसानी से बैंक से ले पाएंगी। राज्य ग्रामीण बैंक इस योजना को मॉनिटर करेगा।

ये है महतारी वंदन योजना

भाजपा ने बीते विधानसभा चुनाव में प्रदेश की विवाहित महिलाओं को हर महीने महतारी वंदन योजना के तहत 1000 रुपए देने का वादा किया था। इसे मोदी की गारंटी बताया गया था। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और शपथ लेने के 3 महीने के भीतर ही इस योजना पर काम शुरू हो गया था। सरकारी दावे के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 70 लाख महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए मिलते हैं।

योजना का शुभारंभ 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। राज्य की लगभग 70 लाख हितग्राही महिलाओं को हर माह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। मार्च से लेकर दिसंबर तक हितग्राही महिलाओं को 10 मासिक किश्तों में 6530 करोड़ 41 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।

सनी लियोनी को महतारी वंदन का पैसा

बस्तर जिले के तालुर गांव में महतारी वंदन योजना के लिए सनी लियोनी, पति जॉनी सीन्स के नाम का आवेदन डाला था। इस आवेदन को सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने सत्यापित कर आगे फॉरवर्ड भी किया था। आरोपी का नाम वीरेंद्र जोशी था जिसने सनी के नाम का फर्जी आवेदन और बैंक खाता दिया था उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस केस में तीन अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *