Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के नए सीएम की घोषणा पर अमल: 5 हजार करोड़ से ज्यादा का होगा भुगतान; 13 लाख किसानों को मिलेगा 2 साल का धान बोनस…!

Spread the love

छत्तीसगढ़ का चौथा मुख्यमंत्री घोषित होने के बाद बीजेपी ने घोषणा पत्र में किए गए वादों पर अमल शुरू कर दिया है। रविवार 10 दिसंबर को बीजेपी विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से सीएम चुने जाने के बाद विष्णुदेव साय ने पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय नेताओं और प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार प्रदर्शन किया और प्रदेश की जनता की कसौटी पर खरा उतरने की बात कही।

विष्णुदेव साय ने 25 दिसंबर को प्रदेश के 13 लाख 28 हजार किसानों को दो साल के बकाया धान बोनस का भुगतान करने का ऐलान किया और पीएम मोदी की सभी गारंटियों को पूरा करने की बात कही। साय ने कहा, कि बीजेपी सरकार अपने संकल्पों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरे करेगी। हम अभी से जनता के सपनों को पूरा करने में जुटेंगे।

छत्तीसगढ़ सुशासन, विकास और लोक समृद्धि की त्रिवेणी बनेगा। प्रदेश के वनांचलों में तेज गति से विकास होगा। बीजेपी की सरकार राज्य के हर हिस्से को विकास की नई दिशा देगी।

2016-17और 2017-18 का बोनस है बकाया

प्रदेश के किसानों का साल 2016-17 और 2017-18 का बकाया बोनस बकाया है। 300 रुपए प्रति क्विंटल की दर से बोनस की राशि दी जाएगी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस यानी राष्ट्रीय सुशासन दिवस 25 दिसंबर के अवसर पर विष्णुदेव सरकार इस राशि को वितरण करेगी। आपको बता दे कि बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में प्रदेश के लिए ‘मोदी की गारंटी 2023’ नाम से संकल्प पत्र जारी किया था।

इस संकल्प पत्र में 20 घोषणाएं हैं। इनमें वर्ष 2016-17 एवं 2017-18 का बकाया बोनस 300 रुपए प्रति क्विंटल की दर से देने की बात कही गई है। जानकारी के मुताबिक बीजेपी 13 लाख 28 हजार किसानों को पांच हजार करोड़ रुपए से ज्यादा बोनस का बकाया भुगतान करेगी।

घोषणा पत्र के लिए 2 लाख लोगों से लिया सुझाव

बीजेपी का घोषणा पत्र बनाने के लिए समिति के संयोजक विजय बघेल ने दो लाख लोगों से सुझाव लिया था। ये जानकारी उन्होंने खुद मीडिया को दो नवंबर को घोषणा पत्र जारी होने के दौरान दी थी। उन्होंने बताया था, कि घोषणा पत्र को 3 अगस्त से 3 नवंबर के बीच पार्टी के 35 सदस्यों ने मिलकर तैयार किया है।

घोषणापत्र जारी करते हुए अमित शाह ने कहा था कि, यहां के लोगों को मैं विश्वास दिलाता हूं कि आने वाले पांच सालों में हम छत्तीसगढ़ को पूर्ण विकसित राज्य बनाएंगे। शाह ने कहा कि, ये हमारा घोषणा पत्र नहीं, यह हमारे लिए एक संकल्प पत्र है।

इसके अलावा शाह ने कहा था कि बीजेपी रामलला दर्शन योजना शुरू करेगी। इसमें राज्य के गरीबों को अयोध्या के दर्शन कराए जाएंगे। छत्तीसगढ़ का भांजा (भगवान राम) अपने घर (अयोध्या) जा रहा है। इसके दर्शन आपको जरूर कराएंगे।

रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बीजेपी ने 3 नवंबर को अपना घोषणा पत्र जारी किया था, जिसे मोदी की गारंटी नाम दिया गया है। शाह के अलावा प्रदेश भर के नेता इसमें मौजूद थे। इस घोषणा पत्र के सहारे शाह ने प्रदेश में सत्ता की वापसी की बात कही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *