Meta Pixel

आखिर कहां लापता हो गए तोमर बंधु: जमीन खा गई या आसमान निगल गया, दो परिचितों के घर पहुंची पुलिस को निराशा ही हाथ लगी

Spread the love

रायपुर। रायपुर पुलिस हिस्ट्रीशीटर तोमर भाइयों को पकड़ने के लिए उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर लगातार छापेमार कार्रवाई कर रही है। इस कड़ी में मंगलवार को पुलिस ने भाठागांव क्षेत्र में स्थित वॉलफोर्ट सिटी और हनुमान वाटिका कॉलोनी में तोमर भाइयों से जुड़े लोगों के दो ठिकानों पर छापा मारा।

पुलिस को संदेह है कि तोमर भाई रायपुर में ही अपने किसी परिचित या उनसे जुड़े लोगों के यहां छिपे हुए हैं। सूत्रों की मानें तो छापेमारी के दौरान दोनों ठिकानों पर आरोपी मिले नहीं, लेकिन पुलिस को कुछ सुराग एवं ऐसे तथ्य मिले हैं, जो दोनों भाइयों से जुड़े हुए हैं।

पुराने मामलों की भी जांच की जा रही
पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से बड़े पैमाने पर बरामद की गई चल-अचल संपत्ति के बाद दोनों के खिलाफ प्रकरणों की भी जांच शुरू कर दी है। आरोपियों का सूदखोरी का बड़ा कारोबार है। दोनों भाइयों के खिलाफ रायपुर के अलग-अलग थानों में हत्या, सूदखोरी, जबरन वसूली, मारपीट, जान से मारने की धमकी, अपहरण और गोलीबारी जैसे कई गंभीर मामले वीआईपी रोड, भाठागांव, कबीर नगर, कोतवाली, आजाद चौक, गुढ़ियारी, अमलीडीह व हलवाई लाइन समेत कई थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं। वे कई बार जेल जाकर जमानत पर बाहर आ चुके हैं।

तेलीबांधा घटना के बाद से दोनों फरार
तेलीबांधा क्षेत्र के एक क्लब में एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ मारपीट की घटना के बाद से हिस्ट्रीशीटर रोहित सिंह तोमर और उसका भाई वीरेंद्र सिंह तोमर फरार है। इस घटना के बाद पुलिस ने तोमर भाइयों के भाठागांव स्थित ठिकाने पर सर्च वारंट के साथ छापा मारा था। इस छापेमारी के दौरान दोनों भाई मौके पर नहीं मिले, लेकिन उसके घर से लाखों रुपए नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, जमीन के दस्तावेज के साथ रिवाल्वर, पिस्टल, तलवार भी बरामद की गई थी। पुलिस इस मामले में अपराध दर्ज कर दोनों की लगातार तलाश कर रही है। इसके लिए तोमर भाइयों के परिवार से जुड़े रिश्तेदारों के साथ उनके परिचित एवं उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर भी छापा मार रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने वॉलफोर्ट में किसी रविंद्र सिंह के घर में छापा मारा है। बताया जा रहा है कि रविंद्र सिंह से तोमर भाइयों की काफी करीबी है। इसी कारण पुलिस ने वहां छापा मारकर दोनों भाइयों के छिपे रहने का ठिकाना के साथ उनके कारोबार के बारे में पता लगा रही है। इधर भाठागांव पानी टंकी के पास हनुमान वाटिका स्थित एक घर में छापा मारकर वहां जांच-पड़ताल की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *