Meta Pixel

तुमगांव : MP रूपकुमारी चौधरी ने बताया शिक्षा का महत्व

Spread the love

कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशन एवं जिला शिक्षा अधिकारी व जिला मिशन समन्वयक के नेतृत्व में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, तुमगांव के विशाल सभागार में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में बीज विकास निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला पंचायत महासमुंद अध्यक्ष मोगरा किशन पटेल, उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, भारत स्काउट गाइड जिला अध्यक्ष येतराम साहू, नगर पंचायत तुमगांव अध्यक्ष बलराम कांत साहू, राकेश चंद्राकर, कलेक्टर विनय लंगेह व जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक शामिल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, मां सरस्वती व छत्तीसगढ़ महतारी के चित्रों पर पूजन, वंदन, दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण से हुआ। कक्षा 1, 6 एवं 9 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक कर स्वागत किया गया। उन्हें मिष्ठान, किताबें, गणवेश और स्कूल बैग भेंट कर अभिनंदन किया गया।

उत्सव के दौरान हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2025 में राज्य स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाली छात्राएं आरती भोई (छठवां स्थान) और सिमरन कश्यप (सातवां स्थान) को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। जिले के टॉप 10 हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी छात्रों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए।

शिक्षक सम्मान समारोह में जिले के श्रेष्ठ शिक्षकों को शिक्षादूत, ज्ञानदीप पुरस्कार, नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानपाठक, माताएं, शाला प्रबंधन समिति सदस्य और सफाई कर्मियों को भी विशेष सम्मान मिला।

सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया गया।

तुमगांव संकुल की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत, नृत्य और योग प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध किया। स्काउट गाइड छात्रों ने भी उत्सव में भागीदारी की।

अपने उद्बोधन में सांसद रूपकुमारी चौधरी ने विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा अपनाने, आत्मनिर्भर बनने और केंद्र की योजनाओं का लाभ लेने की प्रेरणा दी। चंद्रहास चंद्राकर ने छात्रों को सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ने की बात कही। कलेक्टर विनय लंगेह ने स्कूलों में नामांकन और छात्र ठहराव बढ़ाने पर जोर दिया और व्यसनमुक्त भारत अभियान से जुड़ने की अपील की। येतराम साहू और बलराम कांत साहू ने भी छात्रों को मार्गदर्शन दिया।

इस आयोजन का सफल संचालन जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे व जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, सतीश नायर और एन.के. सिन्हा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डी.एन. जांगड़े, विद्या साहू, संपा बोस, अंजली बरमाल, लीलाधर सिन्हा, जागेश्वर सिन्हा सहित जिले व विकासखंड के अधिकारी, संकुल समन्वयक, प्रधानपाठक व शिक्षकगण का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *