Meta Pixel

“मेटल्स & मैटेरियल्स क्विज 2025” का सफल आयोजन — विद्यार्थियों ने प्रदर्शित किया विज्ञान और धातु विज्ञान का उत्कृष्ट ज्ञान

Spread the love

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के सहयोग से इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मेटल्स (आई.आई.एम.) भिलाई चैप्टर द्वारा “मेटल्स & मैटेरियल्स क्विज 2025” का सफल आयोजन भिलाई निवास में हुआ। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य उच्चतर माध्यमिक (कक्षा 11वीं एवं 12वीं) के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों में विज्ञान और धातु विज्ञान के प्रति रुचि एवं समझ को बढ़ावा देना था। कुल 36 चयनित टीमों ने इस क्विज में भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (लौह) श्री तापस दासगुप्ता थे व विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रसिद्ध क्विज मास्टर श्री जैकब कुरियन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आई.आई.एम. भिलाई चैप्टर के मानद सचिव श्री के.वी. शंकर ने की। प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित हुई — पहले चरण में लिखित परीक्षा के आधार पर शीर्ष 6 टीमों का चयन हुआ, जबकि दूसरे चरण में चुनौतीपूर्ण प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों की विज्ञान एवं धातु विज्ञान विषयक जानकारी का परीक्षण किया गया। इस चरण का संचालन क्विज मास्टर श्री एस.एस.आर.सी. मूर्ति व श्री सोम भारती ने किया, और स्कोरिंग की जिम्मेदारी श्री सुभाष चंद्र अग्रवाल एवं श्री बी.एन. सुरेश ने निभाई।

प्रतियोगिता में केपीएस डुंडा (रायपुर) की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, डीपीएस भिलाई की टीम द्वितीय स्थान पर रही और राजकुमार कॉलेज, रायपुर की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमें आगे कलपक्कम में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में आई.आई.एम. द्वारा पूर्णत: प्रायोजित होकर भाग लेंगी।

इस श्रृंखला में एक भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसका विषय था — “कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) एवं मशीन लर्निंग (एमएल) की सामग्री अनुसंधान में भूमिका”। इसमें 34 प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा क्विज और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन की सफलता में आई.आई.एम. भिलाई चैप्टर के मानद अध्यक्ष एवं कार्यपालक निदेशक (संकार्य, बीएसपी) श्री राकेश कुमार, मानद सचिव श्री के.वी. शंकर, मानद सह-सचिव श्री उदय भानु तिवारी और कार्यकारिणी सदस्यों का समर्पित प्रयास रहा। कार्यक्रम का संचालन युवा मेटलर्जिस्ट श्री सी. श्रीनाथ ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *