Meta Pixel

विश्व जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा

Spread the love

जी दत्तु, भव्य-विशाखा क्वार्टर फाइनल में; तन्वी और उन्नति ने भी दर्ज की धमाकेदार जीत

भारत के युवा बैडमिंटन सितारों ने बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को एक और यादगार दिन बनाया। लड़कियों के एकल वर्ग में तन्वी शर्मा और उन्नति हुड्डा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, लड़कों के एकल में जी दत्तु टीटी और मिश्रित युगल में भव्य छाबड़ा और विशाखा टोप्पो ने उच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों को हराकर अंतिम-8 में प्रवेश किया।

तन्वी और उन्नति का शानदार प्रदर्शन

तन्वी ने चीन की सुन ली युआन को एकतरफा मुकाबले में 15-8, 15-5 से हराया। उन्नति हुड्डा ने मलयेशिया की केरिन टी के खिलाफ खराब शुरुआत के बावजूद जबरदस्त वापसी की और 15-10, 15-7 से जीत हासिल की। अब क्वार्टर फाइनल में तन्वी की भिड़ंत जापान की साकी मात्सुमोतो से होगी जबकि उन्नति का सामना थाईलैंड की दूसरी वरीय अन्यापत फिचितप्रीचासक से होगा।

पहली बार खेल रहे दत्तु ने किया कमाल

विश्व जूनियर चैंपियनशिप में पहली बार खेल रहे जी दत्तु ने अमेरिका के गैरेट टेन को कड़े मुकाबले में 15-12, 15-13 से मात दी। दूसरे गेम में टेन ने तीन मैच प्वाइंट बचाए, लेकिन दत्तु ने चौथे मौके पर जीत पक्की कर ली। दत्तु ने जीत के बाद कहा – “उनके पास अनुभव ज्यादा था, लेकिन मुझे भरोसा था कि अगर मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा तो जीत सकता हूँ। आज मैं यह कर सका, यही खुशी है।”

भव्य-विशाखा की दमदार वापसी

मिश्रित युगल में भव्य छाबड़ा और विशाखा टोप्पो ने फ्रांस की तीसरी वरीय जोड़ी थिबॉल्ट गार्डन और अगाथे क्युवास को कड़े संघर्ष में 12-15, 15-11, 15-12 से हराया। तीसरे गेम में 8-11 से पिछड़ने के बाद भारतीय जोड़ी ने लगातार छह अंक लेकर मैच का रुख पलट दिया। भव्य ने कहा – “कोच ने हमें ज्यादा आक्रामक होने और नेट पर हल्के शॉट खेलने की सलाह दी। हमने वही किया और सफलता मिली।”

अब क्वार्टर फाइनल में भव्य और विशाखा का सामना चीनी ताइपे की जोड़ी हुंग बिंग फू और चोउ युन एन से होगा, जिन्होंने अपने पिछले मुकाबले में दक्षिण कोरियाई जोड़ी को हराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *