रायपुर। राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। न्यू शांति नगर इलाके से सामने आए एक वीडियो ने पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विक्की खोचड़ एक युवक की बेरहमी से पिटाई करता दिख रहा है।
बीच सड़क पर पिटाई और पिस्टल से धमकी
जानकारी के मुताबिक, विक्की ने अपने साथियों के साथ मिलकर रानू सिन्हा नामक युवक को डंडों से पीटा और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। यह पूरी वारदात खुलेआम सड़क पर हुई और आसपास लोग सहमे रहे।
पत्नी भी बनी गुंडागर्दी का हिस्सा
हद तो तब हो गई जब विक्की की पत्नी ने खुद पीड़ित युवक से पैर छूकर माफी मंगवाई और डंडे से उसकी पिटाई भी की। बताया जा रहा है कि लगभग आधे घंटे तक यह तमाशा चला और विक्की ने वीडियो बनवाकर इलाके में अपना खौफ फैलाने की कोशिश की।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
यह पहला मौका नहीं है जब रायपुर में दबंगों की दबंगई चर्चा में आई हो। कुछ हफ़्ते पहले श्री गजानंद एजुकेशन संस्था ने NSUI जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी और उसके साथियों पर अवैध वसूली, मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगाया था।
-
संस्था का आरोप है कि इन लोगों ने कैंपस में घुसकर हंगामा किया।
-
पोस्टर फाड़े और ताले लगाकर संस्थान को बंद करने की धमकी दी।
-
सीसीटीवी फुटेज में उनकी गुंडागर्दी कैद हो चुकी है।
पुलिस ने FIR दर्ज कर कई धाराएं लगाई हैं।
प्रशासन से सवाल
लगातार हो रही घटनाओं के बाद अब शिक्षा संस्थान और आम लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या यही छत्तीसगढ़ में सुशासन है?
संस्थाओं ने सरकार से मांग की है कि:
-
अपराधियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
-
शिक्षा संस्थानों और समाजसेवी संगठनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
कुल मिलाकर, रायपुर में हिस्ट्रीशीटरों और दबंगों की यह गुंडागर्दी न केवल कानून व्यवस्था को चुनौती देती है, बल्कि जनता के मन में डर और असुरक्षा का माहौल भी बना रही है।