Meta Pixel

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में महिला अफसरों ने संभाली कमान

Spread the love

देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के केवडिया पहुंचकर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पीएम मोदी ने देशवासियों से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समरसता के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने इसके बाद राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की सलामी ली। इस बार परेड की सबसे बड़ी खासियत रही कि पूरा नेतृत्व महिला अधिकारियों ने संभाला। परेड में BSF, CRPF, CISF, ITBP समेत कुल 16 सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने भाग लिया।


मोदी बोले – “यह सरदार पटेल का भारत है”

परेड को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा –

“यह सरदार पटेल का भारत है, जो अपनी सुरक्षा और सम्मान से कभी समझौता नहीं करता। आज दुनिया जानती है कि भारत किसी भी चुनौती का सामना पहले से कहीं अधिक ताकत के साथ करता है।”

इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर में साहस दिखाने वाले BSF के 16 पदक विजेता और CRPF के 5 शौर्य चक्र विजेता भी मौजूद रहे। 100 जवानों की हेराल्डिंग टीम ने परेड का नेतृत्व किया, जबकि 9 बैंड टुकड़ियों और 4 स्कूल बैंड्स ने अपने शानदार प्रदर्शन से माहौल को देशभक्ति से भर दिया।


10 राज्यों की झांकियों ने खींचा ध्यान

गणतंत्र दिवस परेड की तरह इस समारोह में भी 10 खूबसूरत झांकियां पेश की गईं —
इनमें NDRF, NSG, जम्मू-कश्मीर, अंडमान-निकोबार, पुडुचेरी, महाराष्ट्र, गुजरात, मणिपुर, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड की झलकियां शामिल थीं।

वहीं, वायुसेना की सूर्यकिरण टीम ने अपने एयर शो से आसमान में रोमांच भर दिया।
NSG का हेल मार्च, CRPF और गुजरात पुलिस की महिला विंग की राइफल ड्रिल, BSF का डॉग शो, और असम पुलिस के मोटरसाइकिल स्टंट्स इस आयोजन के मुख्य आकर्षण बने।


एकता नगर में 15 दिन चलेगा ‘भारत पर्व’

इस मौके पर पीएम मोदी ने घोषणा की कि 1 से 15 नवंबर तक एकता नगर में ‘भारत पर्व 2025’ का आयोजन होगा। इस उत्सव में देश की संस्कृति, परंपरा और विविधता में निहित एकता को प्रदर्शित किया जाएगा।

हर शाम डैम व्यू पॉइंट 1 पर देश के दो अलग-अलग राज्य अपनी लोक संस्कृति, संगीत और कला का प्रदर्शन करेंगे, जिससे भारत की “विविधता में एकता” की भावना जीवंत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *