Meta Pixel

सम्राट राणा बने विश्व चैंपियन, मनु भाकर-ईशा सिंह पदक से चूकीं; भारत पांचवें स्थान पर रहा

Spread the love

भारतीय निशानेबाज सम्राट राणा ने सोमवार को इतिहास रच दिया। उन्होंने आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हरियाणा के करनाल से आने वाले इस युवा निशानेबाज ने फाइनल में 243.7 अंक हासिल कर चीन के हू काई (243.3 अंक) को पछाड़ते हुए गोल्ड जीत लिया।

उत्तर प्रदेश के बागपत के रहने वाले वरुण तोमर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 221.7 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, क्योंकि तीनों शीर्ष निशानेबाजों के बीच स्कोर का अंतर लगातार ऊपर-नीचे होता रहा।

मनु भाकर और ईशा सिंह पदक से दूर रहीं
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में भारत की दो शीर्ष निशानेबाज — मनु भाकर और ईशा सिंह — पदक जीतने से चूक गईं।
पेरिस ओलंपिक की दो बार की पदक विजेता मनु ने शुरुआत में दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन 14वें निशाने में 8.8 अंक का स्कोर करने से वे बढ़त गंवा बैठीं और 139.5 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहीं।

वहीं, ईशा सिंह, जिन्होंने हाल ही में चीन के निंगबो में विश्व कप का स्वर्ण जीता था, इस बार दबाव झेल नहीं सकीं। उन्होंने शुरुआती राउंड में 10.7 का शानदार निशाना लगाया, लेकिन 14वें शॉट में 8.4 अंक बनाकर छठे स्थान पर खिसक गईं।

इस इवेंट में चीन की 20 वर्षीय याओ कियानक्सुन ने 243.0 अंकों के साथ गोल्ड जीता। हांगकांग-चीन की हो चिंग शिंग (241.2) को सिल्वर और चीन की वेई कियान (221.4) को ब्रॉन्ज मेडल मिला।

टीम इवेंट में भारत को रजत पदक से सांत्वना
हालांकि व्यक्तिगत मुकाबले में पदक नहीं मिला, लेकिन टीम इवेंट में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। ईशा सिंह (583), मनु भाकर (580) और विश्व की नंबर-1 खिलाड़ी सुरुचि इंदर सिंह (577) की तिकड़ी ने कुल 1740 अंक बनाकर रजत पदक अपने नाम किया।

क्वालिफिकेशन राउंड में ईशा सिंह ने 583 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया और तीसरी सीरीज़ में परफेक्ट-100 का स्कोर बनाया। मनु भाकर ने 580 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, सुरुचि इंदर सिंह ने 577 अंकों के साथ 99 निशानेबाजों में 14वां स्थान प्राप्त किया।

19 वर्षीय सुरुचि ने इस साल चार विश्व कप स्वर्ण जीतकर विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है।

भारत का प्रदर्शन और पदक तालिका
इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत ने अब तक 1 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में पांचवां स्थान हासिल किया है।
वहीं, चीन छह स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *