सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (जे.एल.एन.एच एंड आर.सी.) द्वारा अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (एच.एम.आई.एस.) के अंतर्गत डिजिटल परिवर्तन को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कर्मचारियों एवं पूर्व कर्मचारियों के सभी आश्रितों के फ़ोन नंबर अपडेट करने का विशेष अभियान आरंभ किया गया है।
अस्पताल प्रबंधन द्वारा जारी एक पत्र के माध्यम से कर्मचारियों एवं पूर्व कर्मचारियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने आश्रितों के फ़ोन नंबर का विवरण एच.एम.आई.एस. रिकॉर्ड के साथ अपडेट कर लें ताकि अस्पताल सेवाओं का डिजिटल एकीकरण सहज रूप से हो सके। यह प्रक्रिया ओ.पी.डी. पंजीकरण डेस्क, ई.एच.एस. हेल्प डेस्क, जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र, सेक्टर-9, भिलाई में उपलब्ध सुविधा के माध्यम से सरलता से पूरी की जा सकती है।
अस्पताल प्रशासन ने कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों से यह भी आग्रह किया है कि वे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध ‘बीएसपी स्वास्थ्य मित्र’ मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड कर इसका उपयोग करें, जिससे चिकित्सकीय सेवाओं की पहुँच और उपयोगकर्ता सुविधा में और वृद्धि होगी।
उल्लेखनीय है कि अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली, चिकित्सा रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण और टाउनशिप में स्वास्थ्य सेवा वितरण की दक्षता में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के समय पर संचार और प्रभावी उपयोग के लिए सटीक संपर्क जानकारी आवश्यक है।