रोज़ाना नाश्ते में वही पराठा या ब्रेड खाकर अगर बोरियत होने लगी है, तो अब स्वाद बदलने का वक्त आ गया है। सूजी से बना वेजिटेबल चीला स्वाद और सेहत का ऐसा कॉम्बिनेशन है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। कुरकुरा किनारा और नरम अंदरूनी टेक्सचर इसे खास बना देता है। सब्जियों से भरपूर यह चीला झटपट तैयार हो जाता है और पेट को देर तक भरा रखता है। खास बात यह है कि इसे बनाने में न ज्यादा तेल लगता है और न ही कोई महंगी सामग्री। अगर आप हेल्दी और टेस्टी नाश्ते की तलाश में हैं, तो सूजी वेजिटेबल चीला एक बेहतरीन विकल्प है।
सूजी वेजिटेबल चीला बनाने के लिए सामग्री
- सूजी (रवा) – 1 कप
- दही – 1/2 कप
- पानी – आवश्यकता अनुसार
- गाजर (कद्दूकस की हुई) – 1/2 कप
- प्याज (बारीक कटा) – 1 मध्यम
- शिमला मिर्च (बारीक कटी) – 1/4 कप
- हरी मिर्च (बारीक कटी) – 1
- अदरक (कद्दूकस) – 1 टीस्पून
- हरा धनिया (कटा) – 2 टेबलस्पून
- नमक – स्वादानुसार
- काली मिर्च पाउडर – 1/2 टीस्पून
- फ्रूट सॉल्ट – 1/2 टीस्पून
- तेल – सेंकने के लिए
सूजी वेजिटेबल चीला बनाने का तरीका
सूजी से तैयार वेजिटेबल चीला काफी पसंद किया जाता है। इसे तैयार करने के लिए एक बड़े बाउल में सूजी और दही डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा लेकिन बहने लायक बैटर तैयार करें। बैटर को 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए।
अब बैटर में कद्दूकस की गाजर, प्याज, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया डालें। साथ ही नमक और काली मिर्च पाउडर मिलाकर हल्के हाथ से मिक्स करें।
अब तवा गरम करें और हल्का सा तेल लगाएं। बैटर में आखिर में फ्रूट साल्ट डालकर धीरे से मिलाएं। इससे चीला नरम और हल्का फूला हुआ बनेगा। इसके बाद तवे पर एक करछी बैटर डालें और हल्के हाथ से गोल फैलाएं।
अब चीले को मध्यम आंच पर ढककर पकाएं। जब नीचे से सुनहरा हो जाए, तो पलटकर दूसरी तरफ भी हल्का तेल डालकर सेंक लें। दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने पर चीला उतार लें। गरमागरम सूजी वेजिटेबल चीला हरी चटनी, टमाटर सॉस या दही के साथ परोसें।