दुनिया के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी आज 15 दिसंबर, सोमवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं। ‘लियोनेल मेसी GOAT इंडिया टूर’ के तहत उनका यह दौरा हो रहा है, जिसके चलते राजधानी में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। मेसी का कार्यक्रम अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में दर्शकों के जुटने की संभावना है। इस हाई-प्रोफाइल इवेंट को देखते हुए दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
पुलिस के अनुसार, मेसी का कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसी दौरान और उससे पहले भारी भीड़ उमड़ने की आशंका को देखते हुए कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक कुछ इलाकों से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है, ताकि अनावश्यक जाम से बचा जा सके।
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक जेएलएन मार्ग पर राजघाट से दिल्ली गेट तक, आसफ अली रोड पर तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक और बहादुरशाह जफर मार्ग पर दिल्ली गेट से आईटीओ तक यातायात प्रभावित रह सकता है। इन रूट्स पर जाने से बचने की अपील की गई है, क्योंकि कार्यक्रम के दौरान यहां वाहनों की आवाजाही सीमित की जा सकती है।
दर्शकों की सुविधा के लिए पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है। माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोसड्रोम रोड पर फ्री पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। हालांकि स्टेडियम के आसपास केवल विशेष लेबल वाली गाड़ियों को ही पार्किंग की अनुमति होगी। पुलिस ने साफ किया है कि अगर कोई वाहन बहादुरशाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग या रिंग रोड पर गलत जगह पार्क किया गया, तो उसे तुरंत हटाया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम के अंदर करीब 2500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा स्टेडियम के आसपास लगभग 70 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि यातायात को सुचारू रखा जा सके।
पूरे इलाके पर ड्रोन के जरिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी और 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें वीडियो एनालिटिक्स की सुविधा मौजूद है, जिससे रियल टाइम में निगरानी और पहचान संभव हो सकेगी। ऐप-आधारित टैक्सियों के लिए मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और राजघाट चौक पर विशेष पिकअप और ड्रॉप पॉइंट भी बनाए गए हैं।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, समय से पहले निकलें और सहयोग बनाए रखें, ताकि लियोनेल मेसी का यह बहुप्रतीक्षित दौरा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।