AILET 2026 में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, दिल्ली ने अखिल भारतीय विधि प्रवेश परीक्षा की अनंतिम उत्तर कुंजी और मुख्य प्रश्न पत्र आधिकारिक रूप से जारी कर दिए हैं। परीक्षा 14 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी और अब उम्मीदवार विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट nationallawuniversitydelhi.in पर जाकर आंसर-की देख और डाउनलोड कर सकते हैं। जारी उत्तर कुंजी की मदद से अभ्यर्थी अपने उत्तरों का मिलान कर संभावित स्कोर का अंदाज़ा लगा सकते हैं, जिससे मेरिट में अपनी स्थिति को लेकर शुरुआती समझ बन पाती है।
एनएलयू दिल्ली ने उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज करने का अवसर भी दिया है। जिन उम्मीदवारों को किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति है, वे 16 दिसंबर 2025 दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। तय समय के बाद किसी भी तरह की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। आपत्ति दर्ज करते समय यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि प्रश्न पुस्तिका में दी गई प्रश्न संख्या मुख्य प्रश्न पत्र की प्रश्न संख्या से पूरी तरह मेल खाती हो, क्योंकि प्रश्न पत्र की चार अलग-अलग सीरीज होती हैं और गलत प्रश्न संख्या के आधार पर की गई आपत्तियों को खारिज कर दिया जाएगा।
हर आपत्ति के लिए 500 रुपये का ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। जांच में आपत्ति सही पाए जाने पर यह राशि उसी खाते में वापस कर दी जाएगी, जिससे भुगतान किया गया था। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि ईमेल, फोन कॉल या हेल्पडेस्क टिकट के जरिए भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। सभी आपत्तियों की समीक्षा के बाद अंतिम उत्तर कुंजी जारी की जाएगी, जिसके आधार पर AILET 2026 का अंतिम परिणाम और मेरिट सूची तैयार होगी। उम्मीदवारों को सलाह है कि समय रहते आंसर-की जांच लें और जरूरत होने पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आपत्ति दर्ज करें।