करीब दो दशकों तक WWE की रिंग पर राज करने वाले अमेरिकी रेसलर जॉन सीना ने आधिकारिक रूप से रेसलिंग से संन्यास ले लिया है। 48 साल के जॉन सीना का आखिरी मुकाबला शनिवार नाइट्स मेन इवेंट में हुआ, जहां उन्हें गुंथर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला सिर्फ हार की वजह से नहीं, बल्कि इतिहास रचने की वजह से भी यादगार बन गया, क्योंकि 20 साल के करियर में पहली बार जॉन सीना किसी मैच में टैप आउट हुए।
मैच की शुरुआत में जॉन सीना पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ रिंग में उतरे। शुरुआती मिनटों में उन्होंने अपने पुराने अंदाज़ की झलक दिखाई, लेकिन जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ा, उम्र और थकान का असर साफ नजर आने लगा। ‘रिंग जनरल’ गुंथर ने मौके का फायदा उठाया और आखिरकार सीना को टैप आउट करने पर मजबूर कर दिया। इस पल के साथ ही WWE के एक ऐतिहासिक युग का अंत हो गया।
जॉन सीना ने पिछले साल ‘मनी इन द बैंक’ इवेंट के दौरान ही यह साफ कर दिया था कि वह 2025 के अंत तक रेसलिंग को अलविदा कह देंगे। इसके बाद जनवरी से उनका रिटायरमेंट टूर शुरू हुआ, जिसमें हर मुकाबला फैंस के लिए भावनाओं से भरा रहा। आखिरी मैच के बाद सीना ने रिंग के बीच खड़े होकर फैंस को सैल्यूट किया और नम आंखों के साथ WWE को अलविदा कहा।
मैच खत्म होते ही रेसलिंग जगत के कई दिग्गजों ने उन्हें सम्मान और बधाई दी। ट्रिपल एच, स्टैफनी मैकमोहन, सीएम पंक, कोडी रोड्स और अंडरटेकर जैसे बड़े नाम रिंग और बैकस्टेज में जॉन सीना के करियर को सलाम करते नजर आए। सभी ने माना कि सीना सिर्फ एक चैंपियन ही नहीं, बल्कि WWE की पहचान रहे हैं।
जॉन सीना का करियर आंकड़ों के लिहाज से भी ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने कुल 16 बार WWE चैंपियनशिप जीतकर रिक फ्लेयर के रिकॉर्ड की बराबरी की। प्रो-रेसलिंग करियर की शुरुआत उन्होंने 1999 में की थी और टीवी पर उनकी एंट्री 27 जून 2002 को कर्ट एंगल की ओपन चैलेंज स्वीकार करके हुई थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और WWE के सबसे बड़े चेहरों में शुमार हो गए।
रेसलिंग के साथ-साथ जॉन सीना ने हॉलीवुड में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कई बड़ी फिल्मों में काम किया और एक सफल एक्टर के तौर पर खुद को साबित किया। संन्यास के बाद अब एक बार फिर उनके फिल्मी करियर पर चर्चा तेज हो गई है और माना जा रहा है कि आने वाले सालों में वे पूरी तरह एक्टिंग पर फोकस करेंगे।
जॉन सीना का संन्यास सिर्फ एक रेसलर के करियर का अंत नहीं है, बल्कि WWE के उस दौर का समापन है, जिसने करोड़ों फैंस को ‘यू कैन’t सी मी’ के नारे के साथ जोड़े रखा। उनकी विरासत आने वाले लंबे समय तक रेसलिंग की दुनिया में याद की जाती रहेगी।