छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगिया में स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय अब सिर्फ एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि आम लोगों के लिए भरोसे, संवेदना और त्वरित समाधान का सशक्त केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर स्थापित यह कार्यालय “एक फोन कॉल पर मदद” की सोच को व्यवहार में उतारते हुए सुशासन की नई परिभाषा गढ़ रहा है। यहां आने वाली हर शिकायत और हर आवेदन को केवल फाइल नहीं, बल्कि एक जरूरतमंद व्यक्ति की समस्या के रूप में देखा जा रहा है।
सीएम कैंप कार्यालय बगिया ने बेहद कम समय में जनता का विश्वास जीत लिया है। स्थापना के बाद से अब तक कुल 14,995 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। बिजली, पेयजल, सड़क, राजस्व, स्वास्थ्य और सामाजिक-आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई ने यह साबित किया है कि यदि इच्छाशक्ति हो, तो प्रशासन आमजन की जिंदगी में वास्तविक बदलाव ला सकता है। खास तौर पर स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह कार्यालय एक मजबूत सहारा बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत जिले के 72 गंभीर मरीजों के इलाज के लिए 2 करोड़ 85 लाख रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है, जिससे कई परिवारों को नई उम्मीद मिली है।
कोरिया जिले में भी इस पहल का असर साफ दिखाई देता है। यहां 6 वर्षीय राजवर्धन पैकरा को गंभीर बीमारी के इलाज के लिए 18 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई, जबकि गणेश राम यादव को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए 1 लाख 54 हजार रुपये की मदद मिली। इसके अलावा, अंकिरा क्षेत्र में विद्युत समस्या का समाधान, लकराघरा के ग्रामीणों की मांग पर सड़क निर्माण की स्वीकृति, स्कूलों में शिक्षक व्यवस्था, नहर मजदूरी का भुगतान, पेयजल के लिए नलकूप खनन और सड़क निर्माण जैसे अनेक कार्य कराए गए हैं। दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर और कृत्रिम पैर उपलब्ध कराना भी इस जनकेंद्रित शासन का अहम हिस्सा रहा है।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू की गई ‘स्वास्थ्य मितान हेल्पलाइन’ ने सेवा की रफ्तार को और तेज कर दिया है। इस हेल्पलाइन के जरिए महज पांच मिनट के भीतर मरीजों से संपर्क कर सहायता सुनिश्चित की जा रही है। अब तक 4,581 मरीजों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल चुका है। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर इलाज, दूर-दराज और अन्य राज्यों से मृतकों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके गृहग्राम तक पहुंचाने की व्यवस्था और वन्यजीव जनित नुकसान की भरपाई जैसे संवेदनशील मामलों में भी यह कार्यालय त्वरित निर्णय ले रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सीएम कैंप कार्यालय बगिया आज गरीब, असहाय और आम नागरिकों के लिए एक मजबूत संबल बनकर सामने आया है। यह कार्यालय यह संदेश दे रहा है कि शासन का असली उद्देश्य सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद तक समय पर राहत पहुंचाना है। बगिया का यह मॉडल छत्तीसगढ़ में संवेदनशील, जवाबदेह और जनता के साथ खड़े प्रशासन की एक सशक्त पहचान बनता जा रहा है।