छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। अबूझमाड़ क्षेत्र के होरादी कैंप में तैनात BSF के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृत जवान की पहचान कांस्टेबल सचिन कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के सिंगोली गांव का रहने वाला था। नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस घटना से सुरक्षा बलों के बीच शोक का माहौल है। फिलहाल जवान द्वारा यह कदम क्यों उठाया गया, इसे लेकर कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
इधर, बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों का नक्सल विरोधी अभियान भी लगातार जारी है। गुरुवार को सुकमा जिले में DRG जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। इस मुठभेड़ में जवानों को बड़ी सफलता मिली है और तीन नक्सलियों को मार गिराए जाने की सूचना है। सूत्रों के मुताबिक मारे गए नक्सलियों में किस्टाराम एरिया कमेटी के तीन एसीएम शामिल हैं, जिनमें एक महिला माओवादी भी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, थाना किस्टाराम क्षेत्र की सीमा के भीतर सिंगनमरागु इलाके में स्थित गोलापल्ली क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद DRG की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके दौरान नक्सलियों और जवानों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही। इसी कार्रवाई में तीन नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।
मारे गए नक्सलियों की पहचान माडवी जोगा उर्फ मुन्ना उर्फ जगत, सोढ़ी बंदी और नुप्पो बाजनी के रूप में हुई है। तीनों किस्टाराम एरिया कमेटी से जुड़े एसीएम कैडर के बताए जा रहे हैं, जिनमें नुप्पो बाजनी महिला माओवादी थी। इलाके में फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल सतर्कता के साथ आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।