Meta Pixel

बैकुंठपुर नगर पालिका की सफाई व्यवस्था चरमराई, 15 महीने में 9 ई-रिक्शा बने कबाड़, डोर-टू-डोर कचरा अभियान ठप

Spread the love

बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद की सफाई व्यवस्था इन दिनों गंभीर बदहाली का सामना कर रही है। नगर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को सुचारू बनाने के उद्देश्य से खरीदे गए 10 ई-रिक्शा में से महज 15 महीनों के भीतर 9 ई-रिक्शा खराब होकर एसएलआरएम सेंटर में खड़े-खड़े कबाड़ में बदलने की कगार पर पहुंच गए हैं। नतीजा यह है कि पूरे नगर की सफाई व्यवस्था सिर्फ एक ई-रिक्शा के भरोसे चल रही है, जिससे सफाई अभियान लगभग ठप हो चुका है।

इस स्थिति का सबसे ज्यादा खामियाजा नगर पालिका क्षेत्र के रहवासियों को भुगतना पड़ रहा है। कई मोहल्लों में घरों के आसपास कचरे के ढेर लगे हुए हैं और नियमित कचरा उठाव न होने से बदबू व गंदगी बढ़ती जा रही है। जिन ई-रिक्शा के जरिए सफाई दीदियां घर-घर से कचरा एकत्र कर उसे परिवहन करती थीं, वही वाहन अब खुद कचरे की तरह एसएलआरएम सेंटर में पड़े हैं। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण अभियान फिलहाल अधर में लटका हुआ है।

इस मामले की पड़ताल के दौरान कोरिया जिले के संवाददाता ने एसएलआरएम सेंटर पहुंचकर देखा, जहां 9 ई-रिक्शा एक ही स्थान पर खराब हालत में खड़े मिले। स्थानीय स्तर पर इसे लापरवाही का नतीजा बताया जा रहा है। कोरिया जिले के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह का कहना है कि थोड़ी-सी मरम्मत और देखरेख से ये सभी ई-रिक्शा फिर से चालू हो सकते हैं, लेकिन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण ये वाहन यूं ही पड़े-पड़े खराब होते जा रहे हैं। उनका आरोप है कि बैकुंठपुर नगर पालिका सफाई और लाइट व्यवस्था दोनों ही मोर्चों पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

वहीं नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय दुबे ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि ये ई-रिक्शा वर्ष 2022 में तत्कालीन अधिकारियों के कार्यकाल में खरीदे गए थे। उनके अनुसार पिछले एक महीने से ई-रिक्शा की बैटरियों में समस्या सामने आई है, जिसकी जानकारी विभाग को दी जा चुकी है। सीएमओ ने दावा किया कि अगले 15 दिनों के भीतर सभी ई-रिक्शा की मरम्मत कर उन्हें दोबारा चालू कर दिया जाएगा।

फिलहाल, जमीनी हकीकत यह है कि नगर की सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है और लोगों को रोजमर्रा की गंदगी से जूझना पड़ रहा है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन अपने दावों पर कितना खरा उतरता है और कब तक बैकुंठपुर की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *