Meta Pixel

सूअर के लिए बिछाए करंट से 2 दोस्तों की मौत:6 दिन बाद डैम से मिले शव; शिकारियों ने बोरे में भरकर छिपाई थी लाशें

Spread the love

छत्तीसगढ़ के जशपुर में जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों जंगल में चिड़िया मारने गए थे। घटना के बाद शिकारियों ने पकड़े जाने के डर से दोनों शवों को बोरे में भरकर कागजपुड़ा डैम में फेंक दिया था।

जानकारी के मुताबिक मृतकों का नाम दिलीप राम खड़िया (23) और विलियम कुजूर (31) है। जो कि सेरमाटोली गांव के रहने वाले थे और दोस्त थे। दोनों युवक 6 दिनों से लापता थे। गुरुवार को पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दोनों के शव बरामद किए गए।

पुलिस ने शुक्रवार को मामले का खुलासा किया है। आरोपी से पूछताछ में 4 अन्य साथियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है। मामला तुमला थाना क्षेत्र का है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, दिलीप और विलियम मजदूरी करते थे। 12 दिसंबर को दोनों ग्राम डांगबंधी के जंगल में चिड़िया मारने गए थे। देर रात तक दोनों नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर पर दोनों की तलाश की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 14 दिसंबर को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम डांगबंधी का रहने वाला आयटू लोहार (30) कागजपुडा डैम के पास घूम रहा है। उसके मूवमेंट संदिग्ध है। पुलिस मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

सख्ती से पूछताछ करने पर स्वीकारा

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि 4 साथियों के साथ मिलकर जंगल के पास अरहर के खेत में जंगली सूअर का शिकार करने करंट प्रवाहित तार बिछाया था। रात के समय वे लोग अरहर के खेत के पास पहुंचे। जहां उन्होंने देखा कि करंट लगने से पड़ोसी गांव सेरमाटोली के 2 युवकों की मौत हो चुकी थी।

डैम में झाड़ियों के नीचे छिपाई लाश

डरकर आरोपियों ने बिजली का तार हटाया। फिर दोनों शवों को बोरे में भरकर कागजपुड़ा डैम के पास बेशरम के पौधों की झाड़ियों के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर दोनों शवों को बरामद कर लिया है। पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत का कारण करंट से झुलसना बताया। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 105, 238 और 3(5) के केस दर्ज किया है। वहीं गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जल्द होगी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी- ASP

इस मामले में ASP अनिल कुमार सोनी ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के बाद जांच की गई। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शवों को बरामद किया है। फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *