भारत के बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर जेम्स कैमरून का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। Avatar: Fire and Ash ने रिलीज के महज सात दिनों में इतिहास रच दिया है और भारत में साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली विदेशी फिल्म बन गई है। इस फिल्म ने हॉलीवुड स्टार ब्रैड पिट की फिल्म F1 के लाइफटाइम इंडिया कलेक्शन को पीछे छोड़ते हुए विदेशी फिल्मों की रेस में पहला स्थान हासिल कर लिया है।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ ने खबर लिखे जाने तक भारत में 111.07 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इससे पहले इस साल रिलीज हुई ‘एफ1’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कुल 105.07 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था और वही टॉप पर बनी हुई थी। लेकिन ‘अवतार 3’ ने सिर्फ एक हफ्ते के भीतर इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए अपनी बादशाहत साबित कर दी।
‘अवतार’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म को पहले दिन से ही भारतीय दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला। फिल्म ने ओपनिंग डे पर करीब 19 करोड़ रुपये का मजबूत कलेक्शन किया था, जो किसी भी विदेशी फिल्म के लिए बड़ी शुरुआत मानी जाती है। हालांकि इन दिनों सिनेमाघरों में Dhurandhar का जबरदस्त दबदबा देखने को मिल रहा है, जिसकी वजह से ‘अवतार 3’ को कुछ हद तक स्क्रीन और दर्शकों की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
इसके बावजूद ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ की रफ्तार अभी थमने वाली नहीं है। वर्ड-ऑफ-माउथ और फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता के दम पर फिल्म की कमाई दूसरे हफ्ते में 200 करोड़ रुपये के करीब पहुंच सकती है। भारत में जिस तरह से यह फिल्म लगातार मजबूती दिखा रही है, उससे साफ है कि जेम्स कैमरून का विज़न और ‘अवतार’ ब्रांड अभी भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने की पूरी ताकत रखता है।
