सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यस्थल सुरक्षा एवं दुर्घटना रोकथाम के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए, 02 जनवरी 2026 को मानव संसाधन विकास केन्द्र में गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के लिए एक व्यापक सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 103 गैर-कार्यपालक कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (रखरखाव एवं उपयोगिताएँ) श्री बी. के. बेहरा थे व विशेष अतिथि के तौर पर महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियाँत्रिकी विभाग) श्री एस. सुनोव कार्यक्रम उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री बी. के. बेहरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्ष 2025 के दौरान घटित दुर्घटनाओं में अधिकांश घटनाएं मानवीय त्रुटियों के कारण हुई। उन्होंने कर्मचारियों से आग्रह किया कि विशेष रूप से ब्रेकडाउन की स्थिति में किसी भी कार्य को प्रारंभ करने से पूर्व संभावित खतरों की पहचान अवश्य करें, जिससे जोखिम को न्यूनतम किया जा सके और परिचालन सुरक्षा में वृद्धि हो।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियाँत्रिकी विभाग) श्री एस. सुनोव ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर असुरक्षित संरचनाओं एवं दोषपूर्ण व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) की समय पर पहचान और रिपोर्टिंग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संभावित जोखिमों की शीघ्र पहचान एवं उनके निराकरण से दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
सुरक्षा प्रशिक्षण सत्र का संचालन सहायक प्रबंधक (सुरक्षा अभियाँत्रिकी विभाग) श्री अखिल मिश्रा द्वारा किया गया, जिन्होंने सुरक्षित कार्य प्रणालियों एवं जोखिम न्यूनीकरण से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का कुशल संचालन सहायक महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियाँत्रिकी विभाग) श्री अजय टल्लू द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन संवादात्मक चर्चा के साथ हुआ, जिसके माध्यम से सभी स्तरों पर सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति के निर्माण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया गया।